राहुल गांधी की पोस्ट पर DMK का पलटवार, कहा- 'ये वही भाई हैं, जिनकी पीठ में आपने छुरा घोंपा'

0
1

नई दिल्ली: दिल्ली में बैठकर जो बात कभी इशारों में होती थी, वो अब खुलकर सामने आ गई है। एक तरफ कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी हैं, दूसरी तरफ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन। मुद्दा है परिसीमन का बिल और इस मुद्दे पर दोनों के बीच की दोस्ती भी अब दांव पर लग गई है।राहुल गांधी ने चेन्नई जाने से पहले सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि वो INDIA गठबंधन के कुछ बड़े नेताओं के साथ स्टालिन से मिलने जा रहे हैं। मकसद एक ही है, स्टालिन और DMK को समझाना कि वो परिसीमन वाले संविधान संशोधन बिलों का विरोध करें।

राहुल का कहना है कि अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 कर दी गईं, तो इससे देश का लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। उनके मुताबिक, इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने हिसाब से पूरे देश का चुनावी नक्शा बदलने की खुली छूट मिल जाएगी। उन्होंने स्टालिन को भाई कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के सामने चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। अब भी देश, तमिलनाडु और संविधान को बचाने के लिए इस बिल को मिलकर हराना होगा।

स्टालिन ने भी भाई कहकर दिया करारा जवाब

राहुल की इस अपील पर स्टालिन चुप नहीं रहे। उन्होंने भी राहुल को भाई कहकर जवाब दिया, लेकिन जवाब में नरमी कम और सख्ती ज्यादा थी। स्टालिन ने लिखा कि DMK ने हमेशा संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा की है, इसके लिए वो राहुल का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि DMK ने हर फैसला तमिलनाडु और तमिल लोगों के हित को सबसे ऊपर रखकर ही लिया है। फिर स्टालिन ने इतिहास के दो नामों का जिक्र किया, कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन। कट्टाबोम्मन वो वीर थे, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी। और एट्टप्पन को गद्दारी के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।

स्टालिन ने साफ कहा कि वो अपने रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे, कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्हें भरोसा है कि इतिहास उन्हें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं। बता दें, इससे पहले राहुल ने इशारों में DMK की तुलना एट्टप्पन से कर दी थी, जिस पर DMK भड़की हुई है।

DMK के नेता भी हुए हमलावर

सिर्फ स्टालिन ही नहीं, DMK की आईटी विंग और प्रवक्ता ने भी राहुल पर निशाना साधा। आईटी विंग ने राहुल के पोस्ट पर लिखा कि यही वो भाई हैं, जिनकी पीठ में आपने बेशर्मी से छुरा घोंपा है। वहीं, DMK प्रवक्ता ने कहा कि चेन्नई में आपका स्वागत है, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब हमारे नेता ने आपको छोटा भाई कहा था, तब आप हम सबके भाई बन गए थे। DMK के लिए तमिल और तमिलनाडु का भला सबसे ऊपर है। क्या आपको नहीं लगता कि अब वक्त निकल चुका है? मतलब साफ है, परिसीमन पर ये लड़ाई अब सिर्फ बिल की नहीं रही, ये भरोसे और रिश्ते की लड़ाई बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here