‘समझौते के बाद पाकिस्तान जाउंगा…’, ईरान के साथ समझौते को लेकर बोले डोनाल्ड ट्रंप; यूरेनियम को लेकर दिया अपडेट

0
5
Donald Trump
Donald Trump

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे शांति वार्ता के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो जाता है, तो वे पाकिस्तान का दौरा करने पर विचार करेंगे. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान की मध्यस्थता की सराहना की.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रही चर्चाएं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि हां, मैं पाकिस्तान जाऊंगा. अगर समझौता इस्लामाबाद में होता है, तो मैं शायद वहां जाऊंगा. वे चाहते हैं कि मैं वहां जाऊं.

पाकिस्तान की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप ने पाकिस्तान को ईरान-अमेरिका वार्ता में महत्वपूर्ण योगदान देने का श्रेय दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पक्ष ने बहुत अच्छा काम किया है और बातचीत को आगे बढ़ाने में मदद की है. हाल के दिनों में इस्लामाबाद में हुई कुछ बैठकें इस प्रक्रिया का हिस्सा रही हैं, हालांकि पिछली कुछ दौर की चर्चाओं में पूर्ण सहमति नहीं बन पाई थी.

राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि अगला दौर का वार्ता इस सप्ताहांत में हो सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान समझौते के लिए तैयार है और अमेरिका की ओर से भी सकारात्मक रुख अपनाया जा रहा है. हालांकि इस दौरान भी ट्रंप ने ईरान के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को लेकर अपनी पुरानी लाइन दोहराई.

जल्द जंग खत्म होने की उम्मीद

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने इस मुद्दे पर मजबूती से सहमति जताई है. उन्होंने न्यूक्लियर डस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान इसे वापस सौंपने पर भी तैयार है, जो हाल के हमलों के दौरान प्रभावित हुआ था. राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बन रही है और कुछ बहुत सकारात्मक परिणाम आने की संभावना है. ट्रंप ने समझौते की संभावना को आर्थिक संकेतों से जोड़ा.

उन्होंने कहा कि शेयर बाजार अच्छा चल रहा है, तेल की कीमतें नीचे आ रही हैं और ऐसा लग रहा है कि हम ईरान के साथ एक अच्छा समझौता कर लेंगे. यह ऐसा समझौता होगा जिसमें कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे. हालांकि राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर शांति समझौता नहीं हो पाया, तो दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनका पूरा ध्यान ईरान मुद्दे पर है और वे देख रहे हैं कि इसे अंतिम रूप दिया जा सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here