नई दिल्ली: छोटे पर्दे का मशहूर और विवादित शो ‘बिग बॉस 20’ इन दिनों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। शो के पहले ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड का इंतजार हर कोई बेसब्री से कर रहा था, जहां आमतौर पर होस्ट सलमान खान कंटेस्टेंट्स की जमकर क्लास लगाते नजर आते हैं। हालांकि, इस बार वीकेंड का माहौल थोड़ा अलग ही देखने को मिला। सलमान खान ने इस बार थोड़ा नरम रुख अपनाते हुए कड़े तेवरों के बजाय हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में घरवालों को एक-दूसरे के सामने खुलकर आने का पूरा मौका दिया। इस दौरान जहां सलमान ने प्रतियोगियों के प्रदर्शन पर अपनी राय रखी, वहीं कनिका मान और कुशाल तंवर (गुल्लू) की बढ़ती नजदीकी पूरे एपिसोड में आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही।
काजी तौकीर बने असली एंटरटेनर
सलमान खान ने घर के सभी खिलाड़ियों की पिछले हफ्ते की एक्टिविटी पर बात की। उन्होंने गायक काजी तौकीर की जमकर तारीफ की और उन्हें बिग बॉस 20 का ‘असली एंटरटेनर’ करार दिया। सलमान ने कहा कि काजी का गेम में अंदाज़ काफी मनोरंजक है।
दूसरी तरफ सलमान के सामने ही अमन गांधी और आसिफ खान के बीच पुरानी खुन्नस फिर से बाहर आ गई। बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसे देखकर लगा कि आने वाले दिनों में यह दुश्मनी नया मोड़ ले सकती है।
अंग्रेजी में प्रपोजल
तनावपूर्ण पलों के बीच टीवी एक्ट्रेस कनिका मान और कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू की क्यूट केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया। सलमान खान ने भी दोनों के बीच पनप रहे इस खास बॉन्ड को नोटिस किया और कहा कि दोनों साथ में बेहद प्यारे लगते हैं। शो के सामने आए नए प्रोमो में सलमान दोनों का मजेदार टेस्ट लेते दिख रहे हैं। सलमान ने गुल्लू से कहा कि वे कनिका को अंग्रेजी में प्रपोज करें।
इस पर गुल्लू ने मजाकिया अंदाज में कहा, आई फाउंड यू प्रेटी। बात यहीं खत्म नहीं हुई, गुल्लू ने सबके सामने कनिका के वर्कआउट की नकल उतारी और ठेठ अंदाज में कहा, अगर तुम्हें चौधराइन बनना है तो मेहनत करनी होगी। इसका तुरंत जवाब देते हुए कनिका ने भी मुस्कुराते हुए कहा कि वे अपना बेस्ट देने की कोशिश करेंगी। इसके बाद दोनों का रोमांटिक डांस देख सलमान समेत पूरा घर ठहाके लगाने लगा।
सोशल मीडिया पर छाया ‘गुल्लनिका’
कनिका और गुल्लू की इस बॉन्डिंग को देखकर माना जा रहा है कि बिग बॉस 20 को अपना पहला ऑफिशियल कपल मिलने जा रहा है। जैसे ही मेकर्स ने यह प्रोमो जारी किया, यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस ने दोनों के नाम को मिलाकर ‘हैशटैग गुल्लनिका’ ट्रेंड कराना शुरू कर दिया है। एक यूजर ने लिखा कि दोनों साथ में बहुत प्यारे दिखते हैं, तो किसी अन्य ने इन्हें अपना पसंदीदा खिलाड़ी बताया। कुछ दर्शकों का मानना है कि मेकर्स खुद टीआरपी के लिए इस केमिस्ट्री को बढ़ावा दे रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह जोड़ी आगे गेम में कहां तक टिक पाती है।












