मुंबई कॉन्सर्ट में धमकियों पर दिलजीत दोसांझ का करारा जवाब, बोले- 'जाओ और बम फेंको'

0
2

मुंबई: धमकियों और हाई अलर्ट के बीच भी पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने मुंबई में अपना शो नहीं रोका। अपने AURA इंडिया टूर 2026 के तहत उन्होंने महालक्ष्मी रेसकोर्स में परफॉर्म किया और फैंस को एक यादगार रात दी। शो के दौरान उन्होंने सुरक्षा को लेकर चल रही चिंताओं पर भी खुलकर बात की। दिलजीत ने मंच से ही मुंबई पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है ताकि अंदर मौजूद हर फैन सुरक्षित रहे। बाहर भी काफी लोग फंसे हुए थे, लेकिन पुलिस ने पूरी व्यवस्था संभाल रखी थी। सिंगर ने फैंस के प्यार और सपोर्ट के लिए भी शुक्रिया अदा किया।

धमकी देने वालों को दिया करारा जवाब

शो के दौरान दिलजीत ने धमकी देने वालों को सीधा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ लोगों को डराना और शो में आने से रोकना है। लेकिन डर से उनका मैसेज नहीं बदलेगा और न ही वे अपना म्यूजिक शेयर करना बंद करेंगे। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई क्लिप में दिलजीत कहते नजर आ रहे हैं कि कुछ लोग उनके शो को बम से उड़ाना चाहते हैं। उनका एक ही मकसद है लोगों को डराना, धमकाना और किसी तरह इवेंट को रोकना। इस पर दिलजीत ने कहा कि वे उन्हें सिर्फ प्यार भेजते हैं। चाहें तो वे बम फेंक लें, लेकिन उनकी तरफ से सिर्फ प्यार ही मिलेगा।

गांव की मिट्टी की खुशबू है मेरी पहचान

दिलजीत ने अपनी जड़ों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे गांव के गाने गाते हैं और खुद भी गांव से आते हैं। अगर किसी को उनका गाना समझ न भी आए, तो भी उसमें उनके गांव की मिट्टी की खुशबू जरूर मिलेगी। यही उनकी पहचान है। बता दें कि दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट से एक दिन पहले ही पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था। अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। यह ईमेल मेयर रितु तावड़े और म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े को भेजा गया था। इसमें मेयर के दफ्तर, अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और मुंबई की कई अन्य जगहों पर बम धमाके की चेतावनी दी गई थी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक धमकी वाले ईमेल में खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे थे और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र था। मैसेज में भेजने वाले ने अपना असली नाम नहीं बताया था, लेकिन दो संगठनों खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा के नाम लिखे थे। इसके बावजूद दिलजीत का शो तय समय पर हुआ और बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे।

अब इन शहरों में होगा दिलजीत का शो

अब दिलजीत का टूर आगे बढ़ेगा। वे 29 नवंबर को बेंगलुरु में परफॉर्म करेंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को लखनऊ, 12 दिसंबर को चंडीगढ़ और 19 दिसंबर को कोलकाता में उनका शो होगा। टूर का आखिरी शो 31 दिसंबर को अबू धाबी में होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here