बिसलेरी की बढ़ी मुश्किलें! पश्चिम बंगाल प्लांट का पानी टेस्ट में फेल, कंपनी पर केस चलाने का आदेश

0
3

नई दिल्ली: बोतलबंद पानी को सुरक्षित मानकर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिसलेरी से जुड़ी खबर चिंता बढ़ा सकती है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को कंपनी के पश्चिम बंगाल स्थित प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में गड़बड़ी मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नमूना तय मानकों पर खरा नहीं उतरा और नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। यह नमूना जलपाईगुड़ी के तेलीपाड़ा स्थित प्लांट से लिया गया था।

पीटीआई के मुताबिक, जांच में बिसलेरी के पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली। ऐसे बैक्टीरिया सीवेज के रिसाव या खराब पाइपलाइन के जरिए पेयजल में पहुंच सकते हैं। प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं में इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद FSSAI ने बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर रोक लगा दी। यह बिसलेरी के खिलाफ नियामक की दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए नमूने को भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया था। बिसलेरी देश में पैक किए हुए पेयजल के प्रमुख ब्रांडों में शामिल है।

देशभर में बोतलबंद पानी की जांच

FSSAI देशभर में बोतलबंद पेयजल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता जांच रहा है। प्राधिकरण के CEO रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि देश का आकार बड़ा होने के कारण इस प्रक्रिया में एक से दो महीने लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि लोगों में घबराहट फैलाना। पुनहानी के मुताबिक, पिछले एक साल में नियामक ने दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक और मीठे पेय सहित कई खाद्य पदार्थों की जांच की है। बोतलबंद पानी की जांच भी इसी अभियान का हिस्सा है।

बिसलेरी के एक अन्य नमूने में भी मिली गड़बड़ी

FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ एक अन्य जांच में भी अभियोजन की मंजूरी दी है। प्राधिकरण के अनुसार, कंपनी के परिसर से लिए गए एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली थी। कंपनी की अपील पर नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। वहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) भी पाए गए, जिसके बाद नमूने को असुरक्षित घोषित कर दिया गया। इन जांचों के बाद कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। FSSAI का कहना है कि देशव्यापी जांच का मकसद खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here