नई दिल्ली: कभी मां से बिछड़ने और दूसरे बंदरों के बीच अकेलापन झेलने वाला छोटा बंदर पंच अब खुद दूसरों का सहारा बनता नजर आ रहा है। जिस नारंगी रंग के मुलायम खिलौने को पकड़कर वह मुश्किल दिनों में खुद को संभालता था, आज वही पंच चिड़ियाघर में नए जन्मे बंदरों के पास प्यार से समय बिताता दिखाई दे रहा है। उसके इस बदले हुए अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
पंच पहली बार इसी साल फरवरी में चर्चा में आया था। उस समय चिड़ियाघर की तस्वीरों में वह एक बड़े नारंगी रंग के ऑरंगुटान प्लश खिलौने को कसकर पकड़े दिखाई दिया था। दरअसल, उसकी मां ने उसे स्वीकार नहीं किया था। दूसरे बंदरों के साथ भी उसका मेलजोल ठीक नहीं था। कुछ बंदर उसे नजरअंदाज करते थे, जबकि कुछ उसके साथ आक्रामक व्यवहार करते थे। ऐसे में चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसे एक मुलायम खिलौना दिया। इससे उसे मां जैसी सुरक्षा और अपनापन महसूस करने में मदद मिली। खिलौने के साथ रहने से उसे अकेलेपन से उबरने और खुद को संभालने में सहारा मिला।
Remember the little orphaned baby monkey Punch? He carried his orange stuffy with him and was getting bullied by all the other monkeys. His story went viral. Punch is all grown up now and has taken on a little one and watches out for him. 🥰 Whatever you are going through, whatever is hurting you, learn from it and then be someone’s lifeline.
— Melissa Wong (@Melissa_WongMT) November 9, 2026
अब छोटे बंदरों के साथ दिख रहा है पंच
महीनों बाद पंच की जिंदगी में बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है। X यूजर मेलिसा वोंग ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें पंच एक नवजात बंदर के पास धीरे-धीरे पहुंचता है। इसके बाद वह उसके करीब लेट जाता है और काफी देर तक वहीं रहता है। उसका व्यवहार देखकर ऐसा लगता है कि वह छोटे बंदर का ध्यान रख रहा है। मेलिसा ने पोस्ट में पंच के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि कभी वह अपने नारंगी खिलौने के साथ रहता था और दूसरे बंदर उसे परेशान करते थे। अब वह बड़ा हो गया है और एक छोटे बच्चे के साथ समय बिताता नजर आ रहा है।
दूसरे बंदरों के साथ भी खेलने लगा पंच
पंच का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने साथी बंदरों के साथ खुशी से खेलता दिखाई देता है। इससे पता चलता है कि अब वह अपने समूह में पहले के मुकाबले ज्यादा सहज हो गया है। एक पोस्ट में चिड़ियाघर के कीपर ने भी उसकी ताजा तस्वीर साझा की। कीपर्स के मुताबिक, वे जानवरों के व्यवहार और सेहत पर लगातार नजर रखते हैं। मौसम के अनुसार उनके खाने-पीने में बदलाव किया जाता है और उनकी जरूरतों का ध्यान रखा जाता है। पंच की बेहतर सेहत और विकास में चिड़ियाघर के कर्मचारियों की देखभाल का भी अहम योगदान है। कभी खुद सहारे की तलाश करने वाला पंच अब दूसरे छोटे बंदरों के पास रहकर वैसा ही अपनापन दिखा रहा है। उसका यह बदलाव सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है।












