चंडीगढ़: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल परिसर के भीतर ही 29 वर्षीय शिक्षिका की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। सीकरी-सिकरोना गांव स्थित ‘सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल’ में सोमवार सुबह घटी इस खौफनाक घटना का पूरा तांडव वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। सफेद कपड़े से अपना चेहरा ढके हमलावर ने बातचीत के बहाने शिक्षिका को मुख्य गेट के पास बुलाया और फिर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज दो घंटे के भीतर 21 वर्षीय आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि मनचले की प्रताड़ना और छेड़छाड़ की शिकायत करने का बदला लेने के लिए इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
सीसीटीवी में कैद खौफनाक मंजर
पुलिस जांच में सामने आई सीसीटीवी फुटेज में इस बर्बरता की जो तस्वीरें दिखी हैं, वे किसी की भी रूह कंपा देने के लिए काफी हैं। मृतका संध्या हमेशा की तरह सुबह करीब 9:30 बजे ड्यूटी के लिए स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान अपना मुंह ढके हुए आरोपी परिसर में दाखिल हुआ और स्टाफ से संध्या से मिलने की बात कही। जैसे ही संध्या मुख्य गेट के पास पहुंचीं, आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए चाकू से वार करने लगा। हमलावर ने पीछा कर उन पर चेहरे, गर्दन, छाती और पेट पर करीब 34 बार वार किए।
इस घटना ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। फुटेज में देखा जा सकता है कि चेहरा ढककर आया युवक काफी देर तक परिसर के भीतर टहलता रहा, लेकिन न तो किसी ने उससे पूछताछ की और न ही वहां कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद था।
बीच-बचाव करने पहुंचे एडमिनिस्ट्रेटर को भी दी धमकी
जब शिक्षिका पर हमला हो रहा था, तब चीख-पुकार सुनकर स्कूल के एडमिनिस्ट्रेटर तेजपाल मौके की तरफ भागे। उन्होंने चिल्लाकर हमलावर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सिरफिरे आरोपी ने चाकू लहराते हुए उन पर ही हमला करने की कोशिश की, जिससे उन्हें पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा।
तेजपाल जब तक आरोपी का मुकाबला करने के लिए कोई लकड़ी या हथियार ढूंढते, तब तक आरोपी ने लहूलुहान पड़ी शिक्षिका पर कई और वार किए और बाहर बिना नंबर प्लेट की खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इसके बाद जब अन्य महिला स्टाफ और लोग पहुंचे, तब तक संध्या निष्प्राण हो चुकी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छेड़छाड़ की शिकायत का खूनी बदला
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अमित और संध्या की पहचान करीब दो साल पहले हुई थी, जब अमित शिक्षिका के गांव के ही एक स्कूल में पढ़ता था। संध्या द्वारा दूरी बनाए जाने के बावजूद वह लगातार उनका पीछा करता था और परेशान करता रहता था। हाल ही में संध्या ने आरोपी की हरकतों से तंग आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी थी। कुछ दिन पहले ही जब संध्या ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई, तो सार्वजनिक तौर पर माफी मांगकर मामला शांत हुआ था। हालांकि, आरोपी मन ही मन रंजिश पाल बैठा था और इसी खुन्नस में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
सेक्टर 58 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।












