रणबीर की 'रामायण' पर फिदा हुईं हेमा मालिनी, कास्टिंग की जमकर की तारीफ

0
5

नई दिल्ली: नितेश तिवारी की फिल्म रामायण 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। दर्शकों और क्रिटिक्स से फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म अच्छा कलेक्शन कर रही है। अब बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने भी फिल्म देख ली है और अपना रिव्यू शेयर किया है। इससे पहले एसएश राजामौली, मधुर भंडारकर, राम गोपाल वर्मा और बादशाह समेत कई सितारे फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। अब इस लिस्ट में हेमा मालिनी का नाम भी जुड़ गया है।

बिना ज्यादा उम्मीद के देखने गई थीं फिल्म

हेमा मालिनी ने हाल ही में थिएटर में जाकर ‘रामायण’ देखी और 10 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना रिव्यू शेयर किया। उन्होंने लिखा कि वह फिल्म देखने के लिए ज्यादा उम्मीदें लेकर नहीं गई थीं। हेमा मालिनी ने लिखा, “मैंने हाल ही में ‘रामायण’ का नया वर्जन देखा। यह एक महाकाव्य है और इसकी कहानी से छोटे बच्चे भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। ऐसे में इसे देखने से पहले मेरी उम्मीदें बहुत ज्यादा नहीं थीं, क्योंकि इसकी कहानी में आखिर कितना बदलाव किया जा सकता है। लेकिन फिल्म की शानदार प्रस्तुति और जबरदस्त स्पेशल इफेक्ट्स देखकर मैं हैरान रह गई। फिल्म ने मुझे काफी प्रभावित किया।”

कास्टिंग को बताया बिल्कुल परफेक्ट

एक्ट्रेस ने फिल्म के मुख्य किरदारों की कास्टिंग की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “मुख्य किरदारों के लिए कलाकारों का चुनाव बिल्कुल सही था। मैं दर्शकों का रिस्पॉन्स देख सकती थी। फिल्म देखते हुए लोग खुद को एक अलग दौर में महसूस कर रहे थे और पर्दे पर होने वाली घटनाओं का हिस्सा बन गए थे।”

नई तकनीक ने बदला अनुभव

हेमा मालिनी ने फिल्म में इस्तेमाल की गई नई तकनीक की भी तारीफ की। उनके मुताबिक, आधुनिक तकनीक ने फिल्म देखने के अनुभव को पूरी तरह खास बना दिया है। उन्होंने लिखा, “असल में नई तकनीक के इस्तेमाल ने बहुत बड़ा अंतर पैदा किया है। भारतीय दर्शकों के लिए यह वाकई एक बिल्कुल अलग और शानदार अनुभव है।”

फिल्म में नजर आ रहे ये कलाकार

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को नमित मल्होत्रा और यश ने प्रोड्यूस किया है। यह दो हिस्सों में बनने वाली फिल्म का पहला भाग है। इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज हुआ है, जबकि दूसरा पार्ट 2028 में सिनेमाघरों में आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here