हैदराबाद में तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे मजदूरों को रौंदने, चालक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली: आधी रात सड़क किनारे पैदल चल रहे कुछ मजदूर अपने काम से थककर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधा उड़ा दिया। हैदराबाद से सामने आई यह दिल दहला देने वाली घटना अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है, और पुलिस ने इस हादसे के आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर रूह कांप जाती है। वीडियो में साफ दिखता है कि कुछ लोग समूह बनाकर सड़क पर चल रहे थे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सीधे उनके ऊपर चढ़ गई। यह घटना 29 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे हैदराबाद के ECIL इलाके में हुई।

घटना कुशैगुडा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कमला नगर इलाके में हुई, जो देवी मोबाइल शॉप और न्यू चैतन्य कॉलेज के पास स्थित है। पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार बने सभी लोग बिहार के रहने वाले मजदूर थे, जो उस वक्त अपने काम से घर की ओर लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी और ड्राइवर घटनास्थल से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कुल सात लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत ECIL इलाके के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

शराब के नशे में था आरोपी?

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पवन कुमार के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक है कि हादसे के वक्त वह शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हो गया। इसी शक की पुष्टि के लिए उसका ब्लड सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा गया है।

कार की हुई पहचान, एक और व्यक्ति भी गिरफ्तार

हादसे में इस्तेमाल हुई कार की पहचान हुंडई वरना (नंबर AP 10 AU 1232) के तौर पर हुई है। कुशैगुडा पुलिस ने पवन कुमार के साथ-साथ कार में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है, और अब दोनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here