नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सड़क पर हुई मामूली टक्कर ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से में हुए विवाद के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज ने मयूर विहार फेज-3 के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अर्ध-स्वचालित अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद गाजी उर्फ गाजी अब्बास (27), निवासी ब्रह्मपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
14 अक्टूबर को चली थी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम
स्पेशल सेल डीसीपी नारा चैतन्य ने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम गौतमपुरी की गली नंबर-8 के बाहर सफेद ब्रेजा कार से जुड़ी मामूली सड़क दुर्घटना के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी और हाथापाई ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान वसीम को नजदीक से गोली मार दी गई। घायल वसीम को जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना सीलमपुर में प्राथमिकी संख्या 358/26 दर्ज की गई थी।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, मयूर विहार में दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज को आरोपियों की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। निरीक्षक सुनील तेवतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचनाओं और स्थानीय खुफिया तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। 18 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि आरोपी मयूर विहार फेज-3 में अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। इसके बाद एसएफएस फ्लैट रोड पर कांच रेस्टोरेंट के पास जाल बिछाया गया और पुलिस ने मोहम्मद गाजी को दबोच लिया।
तीन साल जेल में रहने के बाद फिर अपराध की दुनिया में सक्रिय
पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2021 में थाना जाफराबाद में हत्या से संबंधित मामला दर्ज हुआ था जिसमें वह करीब तीन साल मंडोली जेल में रहा। पुलिस अब हत्या की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत और अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। यह कार्रवाई स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज टीम के निरीक्षक सुनील तेवतिया के नेतृत्व में तथा सहायक पुलिस आयुक्त राहुल कुमार सिंह की निगरानी में की गई।
Reported By: Pankaj Rai












