मथुरा: ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो कॉलिंग एप चैमेट (Chamet) के जरिये ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की गतिविधियों में कथित रूप से संलिप्त तीन आरोपियों को एसटीएफ लखनऊ और थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रवीण, विपिन और अर्जुन के रूप में हुई है। तीनों मथुरा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक सीपीयू, क्रेडिट कार्ड और एक कार बरामद की है।
ऑनलाइन गेमिंग, वीडियो कॉलिंग और विभिन्न प्रकार के सट्टेबाजी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, चैमेट एप पर ऑनलाइन गेमिंग, वीडियो कॉलिंग और विभिन्न प्रकार के सट्टेबाजी वाले गेम संचालित किए जा रहे थे। इस गतिविधि के जरिये बड़ी मात्रा में धनराशि के अवैध हस्तांतरण की जानकारी सामने आई थी। मामले की जांच के बाद एसटीएफ और थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अर्जुन के मोतीकुंज स्थित कार्यालय ए-22 से पकड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आई जानकारियों के आधार पर पुलिस मामले के वित्तीय लेनदेन और एप के जरिये संचालित गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। बरामद मोबाइल फोन, सीपीयू और क्रेडिट कार्ड की मदद से भी संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं और अवैध रूप से कितनी धनराशि का लेनदेन किया गया।
पुलिस ने तीन आरोपी को किया गिरफ्तार
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना हाईवे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आईटी एक्ट और प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, 2025 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Reported By: Prem Kaushik












