नई दिल्ली: राजधानी में अपराधियों और कानून की गिरफ्त से बचकर फरारी काट रहे आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बाहरी उत्तर जिले की एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) की घोषित अपराधी पकड़ने वाली टीम ने एक ही दिन में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अदालत द्वारा घोषित अपराधी करार दिए जा चुके थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर उन्हें दबोचा।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त ऑपरेशन दिनेश कुमार की निगरानी में की गई। एएटीएस प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार झा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जानकारी जुटाई और संदिग्धों के ठिकानों का सत्यापन कर उनकी तलाश तेज की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सात आपराधिक मामलों वाला अरुण गिरफ्तार
पहला आरोपी अरुण (28) पुत्र अनिल राठौर है। वह आजादपुर के गांव भड़ोला का निवासी है। भलस्वा डेयरी थाने में ई-एफआईआर संख्या 24423/21 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 379/411/34 में दर्ज मामले में अदालत ने उसे घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामलों में संलिप्तता दर्ज है।
20 मामलों में संलिप्त दीपक उर्फ भीम भी पकड़ा गया
दूसरा आरोपी दीपक उर्फ भीम (37) पुत्र आजाद सिंह है, जो दिल्ली के गांव शकूरपुर का निवासी है। वह प्रशांत विहार स्थित सुभाष प्लेस थाने में एफआईआर संख्या 679/23 के तहत धारा 392/394/397/411/34 में दर्ज लूट के मामले में घोषित अपराधी था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से 20 आपराधिक मामलों में संलिप्तता दर्ज है।
एएटीएस टीम के इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई को एएटीएस की घोषित अपराधी पकड़ने वाली टीम के उपनिरीक्षक राजेश, सहायक उपनिरीक्षक संदीप और हेड कांस्टेबल अभिषेक खत्री ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर पुलिस की सक्रियता के बेहतर तालमेल का नतीजा है। बाहरी उत्तर जिला पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reported By: Pankaj Rai












