नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग कार्रवाइयों में चोरी और झपटमारी के मामलों का खुलासा किया है। तिलक नगर थाना पुलिस ने 16 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर तीन वारदातों की गुत्थी सुलझाई वहीं विकासपुरी थाना पुलिस ने चेन झपटमारी के मामले में एक आरोपी को दबोचकर सात चोरी और झपटमारी के मामलों का खुलासा किया। दोनों कार्रवाइयों में चोरी की दोपहिया मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बिना नंबर प्लेट की बाइक ने खोली चोरी की पोल
पुलिस उपायुक्त पश्चिम जिला हरेश्वर वी. स्वामी के समग्र पर्यवेक्षण में तिलक नगर के सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. गरिमा तिवारी तथा थाना प्रभारी निरीक्षक बिनीत के. पांडेय के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल कृष्ण और हेड कांस्टेबल मेनपाल की टीम गश्त कर रही थी। 19 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मुकेर्जी पार्क नाला रोड, चौखंडी से पैसिफिक मॉल की ओर जाते समय पुलिसकर्मियों की नजर बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर पड़ी।पुलिस को देखते ही चालक ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सागर उर्फ नेपाली उर्फ विपिन (29) निवासी नारायणा गांव के रूप में हुई। जांच में मोटरसाइकिल तिलक नगर थाने के चोरी के मामले से जुड़ी मिली। तलाशी के दौरान वीवो और आईक्यूओओ के दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जो तिलक नगर और हरि नगर थानों में दर्ज अलग-अलग मामलों में चोरी हुए थे। आरोपी नारायणा थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ चोरी, झपटमारी, लूट, सेंधमारी तथा शस्त्र अधिनियम सहित 16 आपराधिक संलिप्तताएं बताई गई हैं।
महिला की सोने की चेन झपटी, सीसीटीवी से मिला सुराग
दूसरी कार्रवाई में विकासपुरी थाना पुलिस ने 55 वर्षीय महिला की सोने की चेन झपटने के मामले में कुणाल उर्फ यश (28) निवासी उत्तम नगर को गिरफ्तार किया। महिला चर्च जाते समय वारदात का शिकार हुई थी। आरोपी चेन झपटकर अपने मोटरसाइकिल सवार साथी के पास पहुंचा और दोनों पीरागढ़ी की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और भागने के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर कुणाल उर्फ यश तथा उसके साथी पंकज उर्फ नोनू की पहचान हुई। आरोपियों के पुराने ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस ने लगातार प्रयास कर कुणाल को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान विकासपुरी और उत्तम नगर क्षेत्र की कई झपटमारी की वारदातों में उसकी कथित भूमिका सामने आई। पुलिस ने नांगलोई थाने के चोरी के मामले से जुड़ी एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की।
दोनों मामलों में जांच जारी
विकासपुरी पुलिस की कार्रवाई से विकासपुरी थाने के चार, बिंदापुर थाने के दो और नांगलोई थाने के एक मामले सहित कुल सात मामले सुलझाए गए। वहीं तिलक नगर पुलिस ने तिलक नगर के दो और हरि नगर के एक मामले का खुलासा किया। पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Reported By: Pankaj Rai












