गड़ा खजाना निकालने का झांसा, तांत्रिक बनकर बुजुर्ग से लाखों की ठगी, तीन गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: गड़े हुए पुश्तैनी सोने का खजाना निकालने का सपना दिखाया, तंत्र-मंत्र का मायाजाल रचा और भरोसा जीतने के लिए असली सोने का सिक्का तक दिखा दिया। इसके बाद शुरू हुआ ठगी का ऐसा खेल, जिसमें 79 वर्षीय बुजुर्ग लाखों रुपये गंवा बैठे। शाहदरा जिले के विशेष स्टाफ ने इस मामले में कथित फर्जी तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ठगों ने बुजुर्ग से करीब 39 लाख 30 हजार 588 रुपये नकद और यूपीआई के माध्यम से ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उन्हें बेहोश कर घर की अलमारी से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने भी चोरी कर लिए गए।

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सीमापुरी थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 622/2026 की जांच शाहदरा जिला विशेष स्टाफ को सौंपी गई थी। शिकायतकर्ता गिरिजेश सिंह (79) ने आरोप लगाया कि शोएब अली महाकादर खान और खुद को ‘कृष्णा पंडित’ बताने वाले व्यक्ति ने पुश्तैनी सोना निकालने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया।

तंत्र-मंत्र का नाटक रचकर दिया वारदात को अंजाम

शिकायत के मुताबिक 4 अगस्त 2026 की रात आरोपियों ने बुजुर्ग के घर पर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र का नाटक रचा। इसके लिए मिट्टी से भरे स्टील के बर्तनों और नकली सोने की ईंटों का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग को नशीला पदार्थ दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। होश आने पर अलमारी से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने गायब मिले। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

फर्जी पहचान के पीछे छिपा था तहसीन

जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों की मदद से पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित अंबा विहार से पकड़ा। उसकी पहचान तहसीन उर्फ कृष्णा शर्मा उर्फ कृष्णा पंडित (48) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह कृष्णा शर्मा की पहचान का इस्तेमाल कर खुद को तांत्रिक कृष्णा पंडित बताता था। आगे की जांच में शोएब अली (40) निवासी मयूर विहार डासना उत्तर प्रदेश और महाकादर खान (48) निवासी दाबाग्राम सालबोनी पश्चिम मेदिनीपुर पश्चिम बंगाल को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों ने बुजुर्ग का परिचय मुख्य आरोपी से कराया था।

नकदी, स्कॉर्पियो और तांत्रिक वेशभूषा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 73 हजार रुपये नकद एक काली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन 11 अंगूठियां, तांत्रिक अनुष्ठानों में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए कपड़े दो आधार कार्ड एक पैन कार्ड, एक एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद आधार कार्डों में एक तहसीन और दूसरा कृष्णा शर्मा के नाम पर बताया गया है। पुलिस बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

विशेष स्टाफ की टीम ने बिछाया जाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा जिला विशेष स्टाफ की टीम ने निरीक्षक आशीष कुमार, प्रभारी विशेष स्टाफ, के नेतृत्व में कार्रवाई की। सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार (ऑपरेशन) की निगरानी और पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनवेंद्र चौधरी (जांच अधिकारी) उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार महिला हेड कांस्टेबल मिथिलेश कांस्टेबल सुभाष और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।

पैसों के लेन-देन की जांच जारी

पुलिस अब कथित तौर पर ठगी गई रकम के लेन-देन, विभिन्न खातों के लाभार्थियों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस की अपील है कि गड़े खजाने, चमत्कार या तंत्र-मंत्र के जरिए धनवान बनाने का दावा करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here