नई दिल्ली: अपराधी ने पहचान छिपाने के लिए हर चाल चली, कभी बाइक की नंबर प्लेट बदली तो कभी कपड़े और हेलमेट। यहां तक कि मोटरसाइकिल पर बैठने का तरीका भी बदलता रहा, लेकिन पूर्वी जिला पुलिस की तकनीकी जांच के आगे उसकी एक न चली। विशेष अभियान ‘स्ट्रीट शील्ड’ के तहत एएसबी सेल ने 25 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल 46 वर्षीय शातिर अपराधी नाहिद आजाद को गिरफ्तार कर चेन झपटमारी की वारदात का पर्दाफाश किया है।
सुबह की सैर में वारदात
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि 27 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे विजय कुमार सेठ परवतीय विहार अपार्टमेंट के पास सैर कर रहे थे। तभी काली मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उनके गले से करीब 12 ग्राम सोने की चेन और 1.2 ग्राम का ओम पेंडेंट झपट लिया। थाना न्यू अशोक नगर में एफआईआर नंबर 754/2026 के तहत मामला दर्ज हुआ।
कैमरों ने खोली पोल
एएसबी सेल ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एएनपीआर जांच में बाइक पर लगा नंबर स्कूटर के नाम पर पंजीकृत मिला। न्यू अशोक नगर, कल्याणपुरी और नाला रोड के रास्तों की जांच में आरोपियों द्वारा कपड़े, हेलमेट और नंबर प्लेट बदलने का खुलासा हुआ। गाजीपुर अंडरपास के कैमरे से बाइक का असली नंबर मिल गया।
कड़कड़डूमा में बिछाया जाल
जांच में बाइक का संबंध एजाज और उसके ससुर असलम से जुड़ा मिला। असलम ने बताया कि बाइक उसने अपने पुराने परिचित नाहिद को दी थी। नाहिद सामान्य मोबाइल सिम का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। आखिरकार कड़कड़डूमा कोर्ट के पास उसकी मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
जेल में बना साथी
पूछताछ में नाहिद ने अफजल नामक साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया। दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी और वे वाई-फाई के जरिए जंगली एप पर संपर्क करते थे। आरोपी के मुताबिक, झपटी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक अफजल के पास है, जो मोदीनगर में रहता है। पुलिस उसकी तलाश और बरामदगी के प्रयास कर रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, मनेंद्र, नवदीप, सहायक उपनिरीक्षक उमेश, हेड कांस्टेबल मोहित, कांस्टेबल मनीष और अनंत पाल शामिल रहे। टीम का नेतृत्व एएसबी सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजय तोमर ने किया। सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) महावीर प्रसाद की निगरानी में कार्रवाई हुई। आरोपी मुस्तफाबाद का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, झपटमारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 25 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्तता बताई गई है।
Reported By: Pankaj Rai












