लाखों लोगों की चहेती हिप्पो फियोना की 'टोपी' खाने से मौत, एक हफ्ते तक चला इलाज लेकिन नहीं बची जान

0
1

नई दिल्ली: अमेरिका के सिनसिनाटी चिड़ियाघर से एक ऐसी खबर आई है, जिसने दुनियाभर में लोगों को दुखी कर दिया है। अपनी जिंदगी की शुरुआत से ही लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली नौ साल की दरियाई घोड़ी फियोना की 19 नवंबर 2026 को मौत हो गई। एक बुनी हुई टोपी निगलने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। चिड़ियाघर की मेडिकल टीम ने उसे बचाने के लिए एक सप्ताह से ज्यादा समय तक लगातार इलाज किया, लेकिन तमाम कोशिशें नाकाम रहीं।

सिनसिनाटी चिड़ियाघर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर फियोना की मौत की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया कि पशु चिकित्सकों और देखभाल करने वाली टीम ने मेडिकल इमरजेंसी के दौरान उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह नहीं बच सकी। इस खबर के बाद उसके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया और उससे जुड़ी यादें साझा कीं।

हवा में उछाली गई टोपी बनी मौत की वजह

द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 8 नवंबर 2026 को हुई थी। चिड़ियाघर आए एक व्यक्ति ने बुनी हुई टोपी हवा में उछाली। टोपी छत के पंखे से टकराई और उछलकर फियोना के बाड़े में जा गिरी। वह देखने वाली खिड़की के ऊपर बने करीब एक फुट के खाली हिस्से से अंदर पहुंची थी। इसके बाद फियोना ने उसे निगल लिया। शुरुआत में उसमें कोई लक्षण नहीं दिखे, लेकिन कुछ दिनों बाद उसकी भूख कम होने लगी। जांच में पता चला कि टोपी छोटी आंत में पहुंच रही थी। उसे बाहर निकालने के लिए टीम ने कई तरीके अपनाए। फियोना को अधिक खाना खिलाया गया, ताकि टोपी प्राकृतिक रूप से बाहर निकल सके। अल्ट्रासाउंड और लंबी स्कोप की मदद से जांच भी की गई। वाइब्रेशन प्लेट का इस्तेमाल भी किया गया, लेकिन कोई तरीका काम नहीं आया। करीब 1,134 किलोग्राम वजन वाली फियोना की सर्जरी को भी काफी जोखिम भरा माना गया।

समय से पहले जन्मी थी फियोना

फियोना का जन्म जनवरी 2017 में तय समय से छह सप्ताह पहले हुआ था। जन्म के समय उसका वजन सिर्फ 13.2 किलोग्राम था। वह न तो खुद खड़ी हो पाती थी और न ही मां का दूध पी सकती थी। चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसे हाथ से दूध पिलाया और उसकी देखभाल की। धीरे-धीरे उसकी सेहत सुधरी। उसकी रिकवरी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिन्हें दुनियाभर के लाखों लोगों ने देखा। फियोना जल्द ही चिड़ियाघर की पहचान बन गई। उसके नाम पर किताबें लिखी गईं, आइसक्रीम का फ्लेवर आया और सिनसिनाटी में उसका म्यूरल बनाया गया। बैले शो में भी उसका किरदार शामिल हुआ। उसकी मौत के बाद चिड़ियाघर के बाहर प्रशंसक फूल और कार्ड रखकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक संदेश पर लिखा था, “Forever our Fiona.”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here