हिमाचल को केंद्र की बड़ी सौगात, मेडिकल शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान

0
5

नई दिल्ली: पहाड़ों की धरती हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र सरकार ने मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात का ऐलान किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी दिए जाने की घोषणा की है। इस महत्वाकांक्षी पहल के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगभग 415 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने और चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नई उम्मीद जगी है।

चार महीने में फैसला, मेडिकल शिक्षा को रफ्तार

इस पूरी प्रक्रिया की खास बात इसकी तेजी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से 23 जून को प्रस्ताव मिला था। इसके बाद 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर चर्चा हुई और लगभग चार महीने के भीतर सभी 320 सीटों को मंजूरी दे दी गई। केंद्र के इस कदम को राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

छह शहरों में खुलेगा विशेषज्ञ डॉक्टर बनने का रास्ता

इस योजना के तहत शिमला टांडा, हमीरपुर, मंडी, नाहन और चंबा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ेगी। इससे चिकित्सा क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिल सकेंगे। साथ ही, विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से भविष्य में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

नड्डा का जोर, योजनाओं पर जल्द हो अमल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार से नई सीटों को जल्द शुरू करने और केंद्र के सहयोग से संचालित स्वास्थ्य परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह किया है। अब अगली चुनौती स्वीकृत सीटों के लिए जरूरी शैक्षणिक, चिकित्सकीय और आधारभूत व्यवस्थाएं समय पर तैयार करने की होगी।

संदेश साफ है मेडिकल शिक्षा मजबूत होगी विशेषज्ञ डॉक्टर बढ़ेंगे और हिमाचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ताकत मिलेगी। केंद्र की यह पहल प्रदेश के युवाओं और बेहतर इलाज की उम्मीद लगाए बैठे मरीजों दोनों के लिए अहम साबित हो सकती है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here