नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार, 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होने वाला दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला टीम इंडिया के लिए बेहद खास रहने वाला है। इस मैच में उतरते ही भारतीय टीम एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी, जो अब तक किसी देश ने हासिल नहीं किया है। इतना ही नहीं, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के पास अपनी 200वीं टी20 इंटरनेशनल जीत दर्ज करने का भी सुनहरा मौका होगा। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों की नजरें इतिहास रचने के साथ सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करने पर रहेंगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला टीम इंडिया का 300वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। इस मैच के लिए मैदान पर कदम रखते ही भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगा। भारतीय टीम ने 2006 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद से टीम ने इस फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक खेले गए 299 मुकाबलों में भारत ने 199 मैच जीते हैं, जबकि 83 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा सात मैच टाई रहे और 10 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।
न्यूजीलैंड को हराते ही दर्ज होगी 200वीं जीत
टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले का सबसे बड़ा लक्ष्य अपनी जीत का आंकड़ा 200 तक पहुंचाना होगा। गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में मिली जीत भारत की इस फॉर्मेट में 199वीं जीत थी। अब अगर भारतीय टीम दूसरे मुकाबले में भी जीत हासिल करती है, तो वह टी20 इंटरनेशनल में 200 जीत दर्ज करने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी।
टी20 क्रिकेट की शुरुआत 2005 में हुई थी। इसके बाद करीब दो दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई भी टीम इस आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी है। भारत के पास अपने 300वें मैच को यादगार बनाने का यह बेहतरीन मौका होगा।
सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर भी नजर
ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अलावा भारत की नजर पांच मैचों की सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करने पर भी होगी। पहले मुकाबले में जीत दर्ज करके भारतीय टीम पहले ही 1-0 से आगे है। दूसरे मैच में जीत मिलने पर यह बढ़त 2-0 हो जाएगी।
ऐसी स्थिति में भारत को सीरीज अपने नाम करने के लिए बाकी तीन मुकाबलों में से केवल एक मैच जीतना होगा। दूसरी ओर, लगातार दूसरी हार न्यूजीलैंड के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है और सीरीज में वापसी का दबाव भी बढ़ जाएगा।
इसलिए क्राइस्टचर्च में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। भारत जहां रिकॉर्ड और सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेगा, वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश जीत के साथ बराबरी करने की होगी।












