वर्दी का संदेश, बच्चों के नाम सड़क सुरक्षा से बनेगा सुरक्षित हिंदुस्तान

0
5

नई दिल्ली: सड़क पर जिंदगी की रफ्तार तभी सुरक्षित है जब हर कदम पर यातायात नियमों का पहरा हो। इसी संदेश को बच्चों के दिलों तक पहुंचाने के लिए पूर्वी दिल्ली यातायात पुलिस ने जागरूकता की एक अनूठी पहल की। मयूर विहार फेज-3 स्थित विद्या बल भवन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ‘संपर्क सभा’ ने विद्यालय परिसर को सड़क सुरक्षा की पाठशाला में बदल दिया। यहां वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने बच्चों को नियमों की अहमियत समझाई और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ट्रैफिक ज्वाइंट सीपी संजय त्यागी पूर्वी रेंज की यातायात पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान के साथ जिले के एसीपी , यातायात निरीक्षकों और पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के जरिए बच्चों को सड़क पर सतर्क रहने, नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

बच्चे बनेंगे बदलाव के सूत्रधार

इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देना नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षित सड़क व्यवहार की आदत डालना भी है। पुलिस का मानना है कि बचपन में सीखी गई अच्छी आदतें जीवनभर साथ रहती हैं। जब बच्चे स्वयं यातायात नियमों को समझेंगे, तो वे अपने माता-पिता, परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारी ने इस पहल को पूर्वी क्षेत्र का नया प्रयास बताते हुए कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें सड़क सुरक्षा की शिक्षा देना बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय प्रशासन के सहयोग से यातायात क्लबों और जागरूकता प्रदर्शनियों के आयोजन पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश कक्षाओं से निकलकर घरों और समाज तक पहुंचे।

सड़क सुरक्षा का संदेश, हर घर तक पहुंचे

पूर्वी दिल्ली यातायात पुलिस की यह पहल बताती है कि सड़क हादसों को रोकने की शुरुआत जागरूकता से होती है। हेलमेट पहनना सीट बेल्ट लगाना, यातायात संकेतों का पालन करना और सड़क पार करते समय सावधानी बरतना जैसे छोटे-छोटे कदम अनमोल जीवन बचा सकते हैं।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here