जनता की चौखट पर पुलिस कमिश्नर, 280 फरियादों पर सुनवाई;अनुराग कुमार ने खुद सुनीं पांच शिकायतें

0
3

नई दिल्ली: जनता की परेशानी सुनने के लिए जब पुलिस का सबसे बड़ा अधिकारी खुद थाने की चौखट पर पहुंचा तो फरियादियों को अपनी बात सीधे पुलिस नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर मिला। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने शनिवार को उत्तरी जिले के थाना सब्जी मंडी और महिला थाना में जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उत्तरी जिले में कुल 280 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जबकि पुलिस आयुक्त ने स्वयं पांच मामलों को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान 200 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, ज़ोन-I) देवेश चंद्र श्रीवास्तव, जॉइंट सीपी सेंट्रल मधुर वर्मा, उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट , एडिशनल डीसीपी 2 गुरसेवक सिंह मौजूद रहे।

इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच दूरी कम करना तथा शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा। पुलिस आयुक्त ने फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और पुलिस से जुड़ी अपेक्षाओं को समझा। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कहीं पड़ोसियों का विवाद, कहीं पैसों का मामला

जनसुनवाई में अलग-अलग तरह की शिकायतें सामने आईं। कई मामले पड़ोसियों के बीच विवाद, आपसी कहासुनी और पैसों के लेन-देन से संबंधित थे। वहीं महिला थाना पहुंची महिलाओं की वैवाहिक और पारिवारिक समस्याओं को भी सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात समझते हुए उनके मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। इस दौरान 200 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।

मोबाइल लौटे तो चेहरों पर लौटी मुस्कान

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से खोजे और बरामद किए गए चोरी अथवा गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के चेहरे फोन वापस पाकर खिल उठे। यह पहल तकनीक के माध्यम से नागरिकों की संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस की जनसेवा की प्रतिबद्धता का उदाहरण बनी।

महिला थाने की व्यवस्था का लिया जायजा

पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने उत्तरी जिले के महिला थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के स्वागत कक्ष, शिकायत निवारण इकाई, अभिलेख कक्ष और पीड़ित सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर थाने की कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनने पर विशेष जोर दिया।

पुलिसकर्मियों से संवाद, समस्याओं पर भी चर्चा

पुलिस आयुक्त ने थाना सब्जी मंडी और महिला थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ संवाद भी किया। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यक्षेत्र के अनुभवों और दैनिक कामकाज में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें प्रशासनिक सहयोग तथा कल्याणकारी सुविधाओं के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और महिला थाने आने वाली हर महिला को सुरक्षित माहौल, उचित मार्गदर्शन तथा संवेदनशील सहयोग मिले।

जनता का भरोसा ही पुलिस की असली ताकत

दिल्ली पुलिस की इस जनसुनवाई पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिक की परेशानी को समझकर उसे समय पर न्यायोचित राहत दिलाना भी है। पुलिस आयुक्त का स्वयं शिकायतें सुनना और मौके पर मामलों के निस्तारण की पहल करना पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशील, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। डीसीपी का संदेश जनता की आवाज जब सीधे पुलिस के आला अधिकारी तक पहुंचे और शिकायत का समाधान थाने में ही हो, तभी सार्थक होती है जनसुनवाई।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here