रोहिणी पुलिस ने बुजुर्गों और दिव्यांगों के चेहरों पर बिखेरी दिवाली की मुस्कान

0
6

नई दिल्ली: दिवाली सिर्फ घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं बल्कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने का भी पर्व है, जिन्हें अपनों के साथ और स्नेह की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इसी मानवीय भावना को आत्मसात करते हुए रोहिणी जिला पुलिस ने दीपावली के अवसर पर बुजुर्गों और दृष्टिबाधित लोगों के बीच खुशियों के दीप जलाकर अनूठी मिसाल पेश की।

डीसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में वृद्धाश्रमों में दीपावली मिलन

पुलिस उपायुक्त रोहिणी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों और कल्याणकारी संस्थानों में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बुजुर्गों तथा दृष्टिबाधित लोगों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ खुशियों के पल साझा किए।

विभिन्न अधिकारियों ने आश्रमों में बांटी खुशियां और सुरक्षा का भरोसा

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम तनुश्री और सहायक पुलिस आयुक्त रोहिणी बृज मोहन मीणा ने शिव आश्रय वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाया। वहीं केएनके मार्ग थाना पुलिस ने सेक्टर-17 स्थित कमला बख्शी वृद्धाश्रम में दीपावली मिलन किया। सहायक पुलिस आयुक्त बेगमपुर सार्थक त्यागी ने लुई ब्रेल ब्लाइंड वेलफेयर ट्रस्ट पहुंचकर दृष्टिबाधित लोगों के बीच खुशियां बांटीं। इन आयोजनों में पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उन्हें सम्मान, अपनत्व तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया। जिले के अन्य वृद्धाश्रमों में भी इसी तरह कार्यक्रम आयोजित किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here