मिशन शक्ति का दम, आत्मरक्षा के हुनर से बेटियों ने दिखाया नारी शक्ति का जलवा

0
5

नई दिल्ली: बेटियों के हौसलों को उड़ान और सुरक्षा को नई पहचान देने के लिए दिल्ली पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित दौलत राम कॉलेज में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर जिला पुलिस की इस पहल का जायजा लिया। यहां राष्ट्रीय कैडेट कोर की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जबकि 200 छात्राओं ने आत्मरक्षा के शानदार करतब दिखाकर अपनी ट्रेनिंग अनुशासन और आत्मविश्वास का दमदार प्रदर्शन किया।

इन छात्राओं को दिल्ली पुलिस के उत्तर जिले की परिवर्तन टीम ने मिशन शक्ति के तहत आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया था। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने बताया कि मुश्किल परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा के लिए सीखे गए हुनर कितने कारगर साबित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत की और महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास तथा सशक्तीकरण की दिशा में दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त मध्य रेंज मधुर वर्मा और उत्तर जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम पुखराज कमल गुप्ता ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जुड़ने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

16,520 छात्राओं तक पहुंचा मिशन शक्ति

उत्तर जिला पुलिस की परिवर्तन टीम ने 1 जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 तक मिशन शक्ति के अंतर्गत 59 स्कूलों और 12 कॉलेजों में कुल 92 आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में 16,520 छात्राओं ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाने के साथ उनमें निर्भीकता और आत्मविश्वास बढ़ाना है। कार्यक्रम में उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के नेतृत्व में चल रही इस पहल की अहम भूमिका रही। संदेश साफ है सुरक्षा भी सम्मान भी और आत्मनिर्भरता भी। मिशन शक्ति के जरिए दिल्ली पुलिस बेटियों को अपने दम पर हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार कर रही है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here