रामलीला के मंच से रावण दहन तक, दिल्ली पुलिस का सुरक्षा चक्र तैयार

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में रामलीलाओं के मंचन और विजयादशमी के पावन पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। कहीं भगवान श्रीराम की जयकार गूंज रही है, तो कहीं दशानन के पुतले के दहन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने भी कमर कस ली है। प्रमुख रामलीला स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं।

इसी कड़ी में विशेष पुलिस आयुक्त दिवेश श्रीवास्तव पूर्वी दिल्ली स्थित बालाजी रामलीला, सीबीडी मैदान पहुंचे और वहां सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्वी परिक्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे, शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त आर. पी. मीना और पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में जुटे रहे।

सुरक्षा में कोई चूक नहीं, हर गतिविधि पर नजर

दिल्ली में जगह-जगह आयोजित रामलीलाओं और दशहरे के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन समितियों के साथ पहले से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी तैयारियां की गई हैं। प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, भीड़ प्रबंधन तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आवश्यकता के अनुसार ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

जनता का सहयोग ही सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत

विशेष पुलिस आयुक्त दिवेश श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में व्यापक स्तर पर रामलीलाओं का आयोजन होता है और पुलिस रामलीला समितियों के साथ लगातार संपर्क में रहती है। उन्होंने कहा कि आयोजकों का सहयोग सराहनीय है। दिल्ली पुलिस का उद्देश्य है कि लोग सुरक्षित वातावरण में रामलीला का आनंद लें और त्योहार खुशी के साथ मनाएं।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here