बिहार के नालंदा में सनसनी, बाइक हटाने के विवाद को लेकर पंचायत के दौरान युवक ने उतारा मौत के घाट

0
5

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में मंगलवार देर रात विवाद सुलझाने के दौरान भीड़ के सामने एक ट्रैक्टर चालक को गोली मार दी गई। मृतक की पहचान जगदीश महतो के 47 वर्षीय बेटे सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई सहमा हुआ नजर आया।

ग्रामीणों के मुताबिक, टोले की संकरी गली में दो मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इससे लोगों के आने-जाने में परेशानी हो रही थी। स्थानीय महिलाओं ने बाइक के मालिकों के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वार्ड पार्षद को सूचना दी गई और डायल 112 पर पुलिस को बुलाया गया। इसी दौरान पड़ोस के दो भाई सौरभ कुमार और गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाइक को अपने रिश्तेदारों की बताया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई।

समझौते के बीच चली गोली

मृतक की दादी मालती देवी ने बताया कि ग्रामीण और बुजुर्ग दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। माहौल धीरे-धीरे सामान्य होता दिख रहा था। परिजनों का आरोप है कि तभी सौरभ अपने घर से हथियार लेकर आया और भीड़ के बीच सुनील के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सुनील गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुनील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और घर में चीख-पुकार मच गई।

तीन दिन पहले ही आए थे घर

परिजनों के अनुसार, सुनील बाहर रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। वे तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद ऐसी अनहोनी हो जाएगी। इस वारदात से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी मातम का माहौल है।

सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी की ओर से गोलीबारी की गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here