नई दिल्ली: पहाड़ों का सीना चीरकर विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। जहां कभी दुर्गम पहाड़, गहरी ढलानें और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां इंसानी हौसलों की परीक्षा लेती थीं, वहीं अब आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग के दम पर रेल की नई राह तैयार हो रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में 27 नवंबर 2026 का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। रेल विकास निगम लिमिटेड(आरवीएनएल) ने रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग संख्या-14 की मुख्य खुदाई का ब्रेकथ्रू हासिल कर लिया। यानी सुरंग के दोनों छोरों से चल रहा निर्माण कार्य आखिरकार एक-दूसरे से आ मिला और पहाड़ के आर-पार रास्ता खुल गया।
इस उपलब्धि के पीछे इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और निर्माण टीम का लंबा संघर्ष छिपा है। सुरंग के पहले छोर सुमेरपुर से 4.7 किलोमीटर और दूसरे छोर मारोड़ा से 1.79 किलोमीटर खुदाई की गई। दोनों दिशाओं से आगे बढ़ती मशीनों और निर्माण टीमों ने कठिन परिस्थितियों को चुनौती देते हुए आखिरकार लक्ष्य हासिल कर लिया।
कमजोर जमीन, ऊपर आबादी और नीचे सुरंग की जंग
सुरंग के पहले छोर पर सबसे बड़ी चुनौती ढीली मिट्टी और ऊपर बसे रिहायशी इलाकों की सुरक्षा थी। यहां महज 20 से 30 मीटर की ऊपरी मिट्टी की परत के नीचे लगभग 110 मीटर लंबी तीन रेल पटरियों के लिए बनाई जा रही सुरंग की खुदाई बेहद सावधानी से की गई। इसके लिए खुदाई से पहले जमीन को मजबूत करने और कई छोटी सुरंगों के जरिए चरणबद्ध निर्माण की विशेष तकनीक अपनाई गई। वहीं मारोड़ा की ओर पहाड़ की ढलान और जमीन के धंसने की समस्या ने निर्माण की राह मुश्किल कर दी थी। यहां 30 से 35 मीटर गहरी सूक्ष्म खंभों की संरचना, 15 से 20 मीटर लंबे चट्टानी बोल्ट और विशेष ग्राउटिंग तकनीक से जमीन को मजबूत किया गया। इसके बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू हो सकी। जमीन के धंसाव के साथ भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़ी चुनौतियों का भी समाधान किया गया।
आबादी की सुरक्षा से नहीं किया समझौता
निर्माण के दौरान आसपास के गांवों और मकानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही। दूसरे छोर पर लगभग 100 मीटर हिस्से में मशीनों से खुदाई की गई। दोनों पोर्टल के आसपास नियंत्रित विस्फोट केवल दिन के समय किए गए, ताकि स्थानीय आबादी को कम से कम परेशानी हो। पहले छोर से 4.7 किलोमीटर लंबी खुदाई के दौरान श्रमिकों को ताजी हवा और उचित तापमान उपलब्ध कराने के लिए विशेष वेंटिलेशन प्रणाली भी लगाई गई। यह ब्रेकथ्रू केवल एक सुरंग का निर्माण पूरा होने की उपलब्धि नहीं, बल्कि दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक इंजीनियरिंग, तकनीक और मानवीय संकल्प की बड़ी जीत है। अब ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचाने का सपना एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर चुका है।
Reported By: Pankaj Rai












