भक्ति का रॉकस्टार अंदाज! लालकिले पर सुनील लोधी के हनुमान भजनों ने मचाया धमाल

0
5

नई दिल्ली: कहीं जय श्रीराम के जयकारे कहीं हनुमान भजनों की गूंज और कहीं संगीत की धुन पर झूमते हजारों श्रद्धालु! लालकिला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला की शाम उस वक्त भक्ति और संगीत के यादगार उत्सव में बदल गई, जब लोकप्रिय गायक सुनील लोधी ने अपने बैंड के साथ हनुमान भजन क्लबिंग की शानदार प्रस्तुति दी। साज एंड प्रखर बैंड की अनूठी संगीत शैली ने भी ऐसा समां बांधा कि मैदान में मौजूद दर्शक भक्ति के रंग में सराबोर होकर झूमने लगे।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम ढलने से पहले ही रामलीला मैदान दर्शकों से भरने लगा। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय भजनों और सुनील लोधी की लाइव प्रस्तुति को देखने-सुनने के लिए महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में पहुंचे। संगीत, श्रद्धा और मनोरंजन के इस संगम ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।

राम दरबार के राज्याभिषेक से गूंजा मैदान, फिर शुरू हुआ भक्ति का धमाकेदार सफर

कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला के भावपूर्ण मंचन से हुई। लंका से माता सीता के अयोध्या आगमन, अग्नि परीक्षा, हनुमान-भरत संवाद और प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक तक की लीला का मंचन किया गया। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रभु श्रीराम को तिलक लगाकर राज्याभिषेक की रस्म निभाई। इसके बाद लालकिला मैदान में भक्ति और संगीत की महफिल सजी। हनुमान भजन क्लबिंग के आयोजन में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पुत्री स्वाति और फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ पर झूम उठे श्रद्धालु

प्रसिद्ध मंच संचालिका काव्या कुल्हाड़ी ने लाइव कार्यक्रम की शुरुआत की। जैसे ही गायक सुनील लोधी अपनी टीम के साथ मंच पर पहुंचे, पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘सागर नैया डार दई’ ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, मशहूर पति-पत्नी संगीत जोड़ी साज एंड प्रखर ने अपने बैंड के साथ भजनों को आधुनिक और अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया। संगीत की लय, दमदार आवाज और भक्ति के उत्साह ने दर्शकों को देर तक झूमने पर मजबूर कर दिया। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मनोज तिवारी सहित अन्य अतिथि भी इस संगीतमय उत्सव का आनंद लेते नजर आए।

अतिथियों को हनुमान जी की गदा भेंट कर किया सम्मानित

लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को शक्ति और साहस के प्रतीक भगवान हनुमान जी की गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य भूषण जैन, अखिल सिंगल, अंकुर गोयल, सौरव गुप्ता, संदीप भूटानी, बृजमोहन गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण सिंगल, संजय वर्मा, वीरू सिंधी और राजकुमार गुप्ता सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।]

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here