वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, विराट कोहली की फिटनेस पर टिका चयन का फैसला

0
9
Virat Kohli Fitness
Virat Kohli Fitness

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जुलाई में होने वाले भारत के इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 15 सदस्यीय वनडे टीम की घोषणा कर दी है. इस टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है. जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है. सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर है. कोहली को टीम में शामिल तो किया गया है. लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से उनके आगामी फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा.

हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं कोहली

विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे. इसी चोट के कारण वह हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ संपन्न हुई सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे. रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने लंदन में मौजूद विराट कोहली से संपर्क साधा है और उन्हें एक विशेष रिहैब प्रोग्राम दिया है. कोहली अपनी इस चोट से तेजी से उबर रहे हैं.

इन खिलाड़ियों की वापसी

शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस 15 सदस्यीय टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर अक्षर पटेल की वापसी हुई है. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिए केएल राहुल और ईशान किशन दोनों को टीम में जगह मिली है. युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को भी इस बड़े दौरे के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया है.

भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की यह वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होने जा रही है. पहला वनडे 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा. दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा. तीसरा वनडे 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा.

भारतीय वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली (फिटनेस के अधीन), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर ब्रार.

22 जून को होगा अंतिम फैसला

टीम में जगह पक्की करने के लिए विराट कोहली 22 जून को बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाएंगे. वहां उनका मुख्य फिटनेस टेस्ट होना है. इस फिटनेस टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर यह तय होगा कि वह इंग्लैंड की उड़ान भरेंगे या नहीं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here