हिसार: भीम आर्मी हरियाणा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट संतलाल अंबेडकर के नेतृत्व में दिनांक 04 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे हिसार अनाज मंडी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं व व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक वातावरण, साफ-सफाई, पेयजल, भवन की स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेगा। इस अवसर पर हिसार के BO (ब्लॉक अधिकारी) भी उपस्थित रहेंगे।
शिक्षा मौलिक अधिकार, कमियों पर होगी कार्रवाई की मांग
एडवोकेट संतलाल अंबेडकर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं कमियों को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी शिक्षा के अधिकार, सामाजिक न्याय और सरकारी शिक्षण संस्थानों की बेहतरी के लिए संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
Reported By: Praveen Kumar












