रतिया: आगामी 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक वार्षिक मेले का निमंत्रण देने के लिए अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय महामंत्री चूडियां राम गोयल,राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रामफल गोयल,राष्ट्रीय कार्यकारिणी संयोजक अनंत अग्रवाल आदि पदाधिकारी रविवार को रतिया पहुंचे।
मेन बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित बैठक में उन्होंने अग्रवाल बंधुओं से आह्वान किया कि वे मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाराजा अग्रसेन जी और कुलदेवी मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करें।
करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है देश का पांचवां धाम अग्रोहा
उन्होंने बताया कि इस मेले में हरियाणा व आसपास के राज्यों सहित पूरे देश से लाखों श्रद्धालु उमड़ेंगे। यह मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि समाज की एकता,सेवा और सांस्कृतिक धरोहर का महापर्व है। उन्होंने कहा कि अग्रोहा धाम देश का पांचवां धाम है जो करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। हर वर्ष शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में यहां ऐतिहासिक मेला लगता है। यह मेला युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने और समाज सेवा की प्रेरणा देने का अवसर है। यह केवल अग्रवाल समाज का ही नहीं,बल्कि पूरे देश की सांझी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।
सुबह सरोवर स्नान से शुरू होंगे कार्यक्रम, कई दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल
उन्होंने 43वें वार्षिक मेले को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मेले में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता,हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल,पंजाब के मंत्री वीरेंद्र गोयल,हिसार की विधायक सावित्री जिंदल,पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ.सुभाष चंद्रा,जगतगुरु कुमार स्वामी,भजन गायक मासूम शर्मा और अंजली द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग भाग लेंगे। मुख्य सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक होंगे। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 5 बजे शक्ति सरोवर स्नान, 7 बजे मंदिरों में आरती, 8 बजे भव्य महिला कलश यात्रा, 9 बजे छप्पन भोग व सवामणी, 10:15 बजे ध्वजारोहण और दोपहर 12 बजे सम्मेलन व सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
रतिया अग्रवाल धर्मशाला में निमंत्रण स्वीकार, कई गणमान्य सदस्य रहे उपस्थित
प्रधान प्रमोद बांसल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए निमंत्रण स्वीकार किया और विश्वास दिलाया कि रतिया से भारी संख्या में अग्रवाल बंधु मेले में पहुंचेंगे। इस मौके पर सतपाल जिंदल,डॉ. नरेश गोयल,जनक राज गोयल,संजय मोदी,दिनेश गोयल आदि अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद थे।
Reported By: Rimpi Jindal












