नशा तस्करों पर सीआईए रतिया का बड़ा प्रहार, करीब 5.50 लाख रुपये की 8800 नशीली गोलियों की बड़ी खेप सहित आरोपी काबू

0
5

रतिया: 17अक्टूबर रिम्पी जिंदलपुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर,आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध जांच शाखा (सीआईए) रतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख 50 हजार रुपये की अनुमानित बाजार कीमत वाली 8800 नशीली गोलियों की बड़ी खेप बरामद कर एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार बरामद नशीली गोलियां व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती हैं। इनमें 4000 ट्रामाडोल तथा 4800 अल्प्राजोलम की गोलियां शामिल हैं। आरोपी की पहचान शाहिद बाबू सैफी पुत्र लियाकत हुसैन निवासी रामनगर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीली गोलियों के साथ तस्करी में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

डीएसपी कुलबंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया बड़ी कार्रवाई का खुलासा

डीएसपी रतिया श्री कुलबंत सिंह, एचपीएस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस महत्वपूर्ण कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। इसी अभियान के तहत सीआईए रतिया की टीम ने 8800 नशीली गोलियों की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के साथ-साथ नशे की आपूर्ति शृंखला को तोड़ना तथा इस कारोबार से जुड़े व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाना है।

गुप्त सूचना पर सीआईए रतिया की त्वरित कार्रवाई, भाखड़ा नहर पुल पर की नाकाबंदी                  

डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने बताया कि 16 अक्टूबर को सीआईए रतिया में तैनात सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव रतनगढ़ बस अड्डे के नजदीक गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के जिला बरेली का रहने वाला शाहिद बाबू सैफी, जो वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में रह रहा है, नशीली गोलियों की अवैध बिक्री में संलिप्त है। सूचना के अनुसार आरोपी भारी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर मोटरसाइकिल पर गांव ढाणी बबनपुर की तरफ से गांव बादलगढ़ की ओर आने वाला था।

उन्होंने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गांव बादलगढ़ से ढाणी बबनपुर जाने वाली सड़क पर स्थित भाखड़ा नहर पुल के नजदीक नाकाबंदी कर दी। करीब 20 मिनट बाद एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर आता दिखाई दिया। सामने पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर उसने अपनी मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहिद बाबू सैफी बताया। आरोपी ने अपनी कमर पर काले रंग का पिट्ठू बैग लटका रखा था।

पिट्ठू बैग से बरामद हुईं 8800 नशीली गोलियां, कीमत करीब 5.50 लाख रुपये               

डीएसपी ने बताया कि आरोपी की तलाशी नियमानुसार नायब तहसीलदार भूना श्री कृष्ण कुमार की मौजूदगी में स्वतंत्र गवाह के समक्ष ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से दो अलग-अलग पॉलिथीन लिफाफों में रखी नशीली गोलियों की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस द्वारा जांच करने पर सफेद पारदर्शी पॉलिथीन लिफाफे से 400 पत्तों में ट्रामाडोल की 4000 गोलियां तथा हरे रंग के पॉलिथीन लिफाफे से 320 पत्तों में अल्प्राजोलम की 4800 गोलियां बरामद हुईं। ट्रामाडोल की गोलियों का पॉलिथीन सहित वजन 1 किलो 100 ग्राम तथा अल्प्राजोलम की गोलियों का वजन 916 ग्राम पाया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 किलो 16 ग्राम वजन की 8800 नशीली गोलियां बरामद कीं। बरामद नशीली गोलियों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

नशीली गोलियों के बैच नंबर मिले मिटे हुए, मोटरसाइकिल भी कब्जे में

डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने बताया कि बरामद दोनों प्रकार की नशीली गोलियों की पैकिंग पर अंकित बैच नंबर मिटे हुए पाए गए। पुलिस द्वारा इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस टीम ने बरामद नशीली गोलियों को नियमानुसार सीलबंद कर कब्जे में ले लिया तथा तस्करी में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में लिया है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सदर रतिया में मुकदमा नंबर 223, दिनांक 16 अक्टूबर 2026, धारा 22सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस, सप्लाई के स्रोत की जांच जारी डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने बताया कि *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। सीआईए रतिया की इस कार्रवाई से नशीली गोलियों की एक बड़ी खेप पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां कहां से लेकर आया था, इन्हें किन व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था तथा इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 उन्होंने बताया कि नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए व्यक्तियों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गंभीरता से प्रयास जारी रखेगी। नशे के कारोबार से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा : डीएसपी कुलबंत सिंह डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के नेतृत्व में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ चलाया जा रहा है। जिले में नशे का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नशीले पदार्थों की तस्करी कर युवाओं के भविष्य और परिवारों की खुशियों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की गिरफ्त में आने से युवा न केवल अपना स्वास्थ्य और भविष्य खराब करते हैं, बल्कि उनके परिवार भी आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करते हैं। इसलिए नशे की अवैध आपूर्ति रोकने के साथ-साथ आमजन को जागरूक करना भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

नशामुक्त फतेहाबाद के लिए आमजन का सहयोग जरूरी : फतेहाबाद पुल

डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। विशेषकर अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों के प्रति सजग रहें तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त फतेहाबाद का लक्ष्य केवल पुलिस की कार्रवाई से ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से साकार होगा। आमजन के सहयोग से नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here