पीएम मोदी के कार्यक्रम का गजब क्रेज, घंटे भर में फुल हुईं सीटें, पहली बार बुकमायशो पर हुआ रजिस्ट्रेशन

0
5
Narendra Modi Vadodara Book My Show
Pinterest

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को वडोदरा में होने वाले कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार कार्यक्रम में पहली बार डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई हैं। खास बात है क रजिस्ट्रेशन खुलने के महज एक घंटे के भीतर ही सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गई हैं। इतना ही नहीं इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

पहली बार डिजिटल बुकिंग की सुविधा

वडोदरा नगर निगम की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ‘बुकमायशो’ के माध्यम से मुफ्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही लोगों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और करीब एक घंटे में ही सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, 42 हजार से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

कार्यक्रम में एंट्री को भी पूरी तरह डिजिटल रखने की तैयारी है। रजिस्टर्ड लोगों को उनके बुकमायशो अकाउंट पर डिजिटल एम-टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। इस टिकट में लाइव क्यूआर कोड होगा, जिसका इस्तेमाल एंट्री के दौरान वेरिफिकेशन के लिए किया जाएगा।

एंट्री से सीटिंग तक डिजिटल व्यवस्था

कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन, टिकट वेरिफिकेशन, वेन्यू में प्रवेश और सीटिंग की प्रक्रिया टेक्नोलॉजी के जरिए मैनेज की जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ लोगों की एंट्री को तेज और व्यवस्थित बनाना है।

करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात

वहीं पीएम मोदी के शेड्यूल की बात करें तो प्रधानमंत्री अपने गुजरात और महाराष्ट्र दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह वडोदरा में विभिन्न परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के साथ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इन परियोजनाओं में पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन अहम सेक्शन शामिल हैं। इनकी विकास लागत 20,700 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके साथ ही इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) सेक्शन शामिल हैं। इन रेल खंडों के शुरू होने से बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच माल की आवाजाही बेहतर होने, परिवहन लागत घटने और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम होने की उम्मीद है। पीएम मोदी इस दौरान कई मालगाड़ी सेवाओं और वडोदरा-टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here