एर्नाकुलम में Mini Cooper की टक्कर से 3 छात्रों की मौत, हिरासत में ड्राइवर, फिर भी FIR में नाम-पता 'अज्ञात'

0
6

नई दिल्ली: केरल के एर्नाकुलम जिले में एक तेज रफ्तार Mini Cooper ने तीन छात्रों की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म कर दी। अब इस मामले में एक ऐसी बात सामने आई है, जिसने सबको चौंका दिया है। जिस ड्राइवर पर तीन लोगों की जान लेने का आरोप है, पुलिस की FIR में उसका नाम और पता ही “अज्ञात” दर्ज है। यह हादसा 11 अक्टूबर की देर रात एर्नाकुलम के नेदुम्बस्सेरी इलाके में हुआ। स्कूटर पर सवार तीनों छात्रों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने कार चला रहे सुहैल सजीव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

FIR के मुताबिक यह हादसा 11 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुआ। KL 07 CR 1001 रजिस्ट्रेशन नंबर वाली Mini Cooper कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। आरोप है कि ड्राइवर की इस गलती से सड़क पर लोगों की जान खतरे में पड़ गई और कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे तीनों छात्रों ने दम तोड़ दिया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 105 के तहत FIR दर्ज की गई है। यह धारा गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी है।

शराब पीने की बात कबूली

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सुहैल सजीव ने माना कि हादसे के समय उसने शराब पी रखी थी। हालांकि, उसका दावा है कि उसने सिर्फ बीयर पी थी। पुलिस ने उसके खून के नमूने लिए हैं। इनकी जांच से यह पता चल सकेगा कि उसने शराब के अलावा कोई और नशीला पदार्थ तो नहीं लिया था।

लोगों से हुई बहस

हादसे के बाद आरोपी और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी भी हुई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो सुहैल उनसे बहस करने लगा। आरोप है कि उसने यहां तक कह दिया कि उसके पिता सब कुछ संभाल लेंगे।

फिलहाल पुलिस सुहैल से पूछताछ कर रही है। हादसे की परिस्थितियों, कथित नशे में गाड़ी चलाने और FIR में दर्ज जानकारी, तीनों पहलुओं पर जांच आगे बढ़ रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में और क्या सामने आता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here