यूपी में 28 IPS अधिकारियों के तबादले, नोएडा-गाजियाबाद समेत 4 शहरों के पुलिस कमिश्नर बदले

0
1

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे की तस्वीर एक बार फिर बदल गई है। योगी सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कई बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर भी बदल दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अफसरों की जगह बदली गई है। सबसे बड़ा बदलाव प्रयागराज में हुआ है। 1997 बैच के आईपीएस मोहित अग्रवाल अब वाराणसी की जगह प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर होंगे।

प्रयागराज के कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ भेजा गया है, जहाँ वे एडीजी स्थापना का काम संभालेंगे। गौतमबुद्धनगर की कमिश्नर लक्ष्मी सिंह अब गाजियाबाद में तैनात होंगी। उनकी जगह गाजियाबाद के कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ गौतमबुद्धनगर की कमान संभालेंगे। वाराणसी में लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

एडीजी और डीआईजी भी बदले

जोन और रेंज स्तर पर भी अदला-बदली हुई है। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा अब लखनऊ जोन के एडीजी होंगे, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली भेजा गया है। डीआईजी स्तर पर अलीगढ़ के प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र और सहारनपुर के अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र भेजा गया है। वहीं आगरा के शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है, जबकि तकनीकी सेवाएं मुख्यालय में तैनात आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।

अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी बदले

जिलों में अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अब अयोध्या के नए एसएसपी होंगे। कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी भी इधर से उधर हुए हैं। कानपुर नगर के दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि प्रयागराज के कुलदीप सिंह गुनावत कानपुर नगर आएंगे। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी बनाया गया है। प्रीति यादव को आगरा में 15वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक और आकाश तोमर को मुरादाबाद की पुलिस अकादमी में एसपी बनाया गया है।

पुराने तबादले रद्द

सरकार ने 2020 बैच के तीन अफसरों के पहले हुए तबादले रद्द कर दिए हैं। अब पुनीत द्विवेदी गाजियाबाद, नीतू लखनऊ और अमित कुमावत आगरा में अपर पुलिस उपायुक्त होंगे। पीएसी के सेनानायकों को भी नई जगह भेजा गया है। नरेंद्र कुमार सिंह सीतापुर पीटीसी, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय लखनऊ कारागार प्रशासन, त्रिभुवन सिंह लखनऊ जीआरपी मुख्यालय, राजेश कुमार श्रीवास्तव अभिसूचना मुख्यालय, सुशील कुमार शुक्ला गोरखपुर पीटीएस और अजीत कुमार सिन्हा लखनऊ पावर कॉर्पोरेशन में एसपी बनाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here