वृंदावन के होटल में छत्तीसगढ़ की युवती ने फंदे से लटककर दी जान, कमरे में मिला शव

0
8

वृंदावन: प्रेम मंदिर के समीप स्थित राधा निकुंज होटल में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब होटल के एक कमरे में छत्तीसगढ़ निवासी 24 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला। युवती ने 13 नवंबर को होटल में ऑनलाइन कमरा बुक कराया था और अकेले ही वृंदावन पहुंची थी। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब पिता के बार-बार फोन करने पर भी बेटी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पिता ने होटल के रिसेप्शन पर फोन कर कमरे की जांच कराने को कहा।

घटना की जानकारी कैसे हुई  

जानकारी के अनुसार, युवती होटल के कमरा नंबर 116 में ठहरी हुई थी। रविवार सुबह पिता ने बेटी को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने होटल के नंबर पर संपर्क किया और कर्मचारियों से बेटी के कमरे में जाकर देखने का आग्रह किया। होटल कर्मचारी जब कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो युवती फंदे पर लटकी मिली। यह दृश्य देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई  

सूचना मिलते ही वृंदावन कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला  

कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here