'सैफई सिंडिकेट नहीं पचा पाएगा', 30 लाख नौकरी देने के वादे पर सीएम योगी ने अखिलेश को घेरा

0
2

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी नौकरियों को लेकर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों ने अपने पूरे शासनकाल में जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे, उससे दोगुने उनकी सरकार दे चुकी है। योगी ने कहा कि अगले सप्ताह हजारों युवाओं को नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इनकी तैनाती आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में होगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती प्रक्रिया से चुने गए युवाओं में 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और दो हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने सपा के 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने कितनी भर्तियां की थीं। उन्होंने तंज किया कि नियुक्तियों की रफ्तार ‘सैफई सिंडिकेट’ को हजम नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के शासन में सरकारी नौकरियों में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दबदबा था। इसी दिन योगी गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित करेंगे।

2017 से पहले प्रदेश की स्थिति पर उठाए सवाल

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। रोजगार की कमी के कारण युवा दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर थे। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि उस दौर में किसान परेशान थे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। उनके मुताबिक, भर्ती और विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी थी।

चाचा-भतीजे पर भ्रष्टाचार के आरोप

योगी ने सपा की पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चाचा-भतीजे की जोड़ी भ्रष्टाचार में लिप्त थी और सरकारी नौकरियों से लेकर विकास योजनाओं तक में आम लोगों के हितों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सैफई में बैठे लोग नौकरियों पर कब्जा कर लेते थे, जबकि अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। दावा किया कि उस समय गुंडागर्दी चरम पर थी और प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन गुंडा’ जैसा माहौल था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के पास विकास की स्पष्ट योजना नहीं थी और जनता के लिए आने वाला पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here