मुजफ्फरनगर: शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार की रात रुड़की रोड पर चीनी से भरी तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से सेब का ठेला लेकर जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका ठेला भी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीनी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सेब का ठेला लेकर जा रहा युवक उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। घटना के बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद ठेला व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे में ठेला क्षतिग्रस्त होने से युवक को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Reported By: Rohit












