मथुरा: दीपावली, यम द्वितीया समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। वहीं, यम द्वितीया पर यमुना के घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
बैठक में डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए और नियमित गश्त की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
यम द्वितीया पर घाटों की विशेष व्यवस्था
यम द्वितीया के पर्व पर मथुरा में यमुना के विश्राम घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
Reported By: Prem Kaushik












