नई दिल्ली: टेक्सास के मक्ग्रेगर में सपकेक्स की राकेट टेस्टिंग साइट पर हुए इस इवेंट में टेस्ला रोडस्टर ने ऐसे कई स्टंट दिखाए, जिसको देखकर लोग चकित रह गए। कार रैंप पर उलटी चढ़ी, हवा में फ्लिप मारती है और उसके बाद सुरक्षित तरीके से लैंड करती हुई नज़र आयी। सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद इसकी चर्चा तेजी से बढ़ने लगी। कई यूजर्स ने इसे शानदार प्रदर्शन बताया, तो कुछ ने ट्रोल करते हुए इसे उड़ने वाली कार कह दिया।
15 अक्टूबर 2026 की रात लाइवस्ट्रीम करे गए डेमो में रोडस्टर का एक अलग ही अवतार देखने को मिला। वीडियो में कार घुमावदार रैंप पर चढ़कर सक्शन टेक्नोलॉजी की मदद से उलटी अवस्था में टिकी रही। इसके बाद वह रैंप से उछलकर, हवा में पलटी मारती और चारो पहियों पर वापस उतर जाती है। एक अन्य स्टंट में कार टेस्ला सेमी समेत कई वाहनों के ऊपर से छलांग लगाती दिखाई दी। इन करतबों के वीडियो सामने आते ही एक्स पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
एलन मस्क ने खुद शेयर किए वीडियो
इस डेमो के वीडियो एलन मस्क ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा किए। प्रदर्शन के बाद उन्होंने कहा, “खैर, यह काम कर गया।” वहीं, टेस्ला के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ व्हीकल इंजीनियरिंग लार्स मोरावी ने इसे लेकर कहा, “उड़ने वाली कारें असली हैं।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रदर्शन में टेस्ला और स्पेसएक्स की तकनीक का इस्तेमाल किया गया। कार में कंप्रेस्ड एयर थ्रस्टर्स और फैन सक्शन सिस्टम होने की बात कही गई है। थ्रस्टर्स हवा में कार की दिशा नियंत्रित करने और लैंडिंग में मदद कर सकते हैं। वहीं, सक्शन सिस्टम रैंप पर कार को उल्टी स्थिति में टिकाए रखने के लिए इस्तेमाल किया गया।
My OG Roadster is still orbiting Mars and Earth
— Elon Musk (@elonmusk) October 16, 2026
इस डेमो में एक और बात लोगों का ध्यान खींचती है। कार के अंदर कोई ड्राइवर दिखाई नहीं देता और वह अपने आप स्टंट करती नजर आती है। हालांकि, इन तकनीकी खूबियों को लेकर किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि होना जरूरी है।
Real life, baby https://t.co/3QEqn18wig
— Tesla (@Tesla) October 16, 2026
रोडस्टर की रफ्तार को लेकर भी चर्चा
टेस्ला रोडस्टर की स्पीड को लेकर भी बड़े दावे किए जा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, कार 0 से 60 मील प्रति घंटे यानी करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 0.81 सेकंड में पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 230 मील प्रति घंटे से अधिक बताई गई है। इस कार का कॉन्सेप्ट पहली बार 2017 में दिखाया गया था। अब इसके प्रोडक्शन की शुरुआत 2028 में होने की उम्मीद है। लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह नया डेमो एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
Do a kickflip! https://t.co/DJ1Bq1yu8m
— Tesla (@Tesla) October 16, 2026
यूजर्स बोले- ऐसा स्टंट पहले नहीं देखा
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने इसे अब तक के सबसे शानदार प्रोडक्ट डेमो में से एक बताया, जबकि कई यूजर्स को कार के स्टंट पर यकीन करना मुश्किल लगा। एक यूजर ने लिखा, “वादा पूरा हुआ।” वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “एक टेस्ला जो उड़ सकती है? ऑटोमोबाइल का भविष्य वाकई रोमांचक होने वाला है!” कुछ लोगों ने इस नजारे की तुलना साइंस फिक्शन फिल्मों से की। वहीं, कई यूजर्स ने कहा कि नई तकनीक और प्रतिस्पर्धा की वजह से ही ऐसे प्रयोग देखने को मिलते हैं। एलन मस्क ने भी इस प्रदर्शन को अब तक के बेहतरीन प्रोडक्ट डेमो में शामिल होने का दावेदार बताया।
फिलहाल, रोडस्टर के इस प्रदर्शन ने इंटरनेट पर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। हालांकि, कार की क्षमताओं, स्टंट में इस्तेमाल की गई तकनीक और इसकी स्पीड से जुड़े दावों को कंपनी की आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही सही माना जाना चाहिए।
Disclaimer: इस खबर में शामिल जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। जनभावना टाइम्स इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।












