मथुरा/वृन्दावन: शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन के देवी मंदिर मां के जयकारों से गूंज उठे। नवरात्र के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे और मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालओं की उमड़ी भीड़
वृंदावन स्थित प्रसिद्ध मां कात्यायनी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नवरात्र के पहले दिन मां के गर्भगृह में गुलाब के फूलों से विशेष सजावट की गई, जिसने मंदिर की छटा को और भी मनोहारी बना दिया। मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु उत्साह के साथ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विधि विधान से की माँ की पूजा
नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने पूजा-अर्चना की और मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। वहीं, घरों में भी सुबह से ही नवरात्र की तैयारियां नजर आईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा की और नौ दिनों तक चलने वाले शक्ति आराधना के पर्व का शुभारंभ किया। पूरे ब्रज क्षेत्र में नवरात्र को लेकर धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।












