आतंक के नेटवर्क पर प्रहार! न आतंक की पनाह बचेगी, न आतंकियों का नेटवर्क चलेगा

0
2

नई दिल्ली: आतंकवाद के खिलाफ जंग अब केवल आतंकियों के खात्मे तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क, आर्थिक मददगारों, कट्टरपंथी विचारधारा और मददगारों के पारिस्थितिकी तंत्र को जड़ से खत्म करने की रणनीति पर काम होगा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के छठे आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सुरक्षा एजेंसियों को इसी दिशा में और अधिक आक्रामक, संगठित तथा समन्वित कार्रवाई करने का संदेश दिया। इसी पर एनआईए डायरेक्टर राकेश अग्रवाल मीडिया से बातचीत किया।

हर थाने को आतंकवाद विरोधी ग्रिड से जोड़ने की तैयारी

गृह मंत्री ने राज्यों की आतंकवाद विरोधी विशेष इकाइयों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि पुलिस थानों को भी आतंकवाद विरोधी ग्रिड का हिस्सा बनाया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं को राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र से जोड़कर समय रहते आतंकी गतिविधियों पर शिकंजा कसा जा सके।

आतंकवाद के खिलाफ एक नीति, एक रणनीति

अमित शाह ने आतंकवाद विरोधी नीति ‘प्रहार’ के तहत संरचनात्मक और परिचालन स्तर पर एकरूपता लाने का आह्वान किया। उनका जोर रहा कि केंद्रीय और राज्य एजेंसियां अलग-अलग नहीं, बल्कि साझा रणनीति और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र के खिलाफ कार्रवाई करें।

कश्मीर में स्थानीय भर्ती पर लगाम

गृह मंत्री ने कश्मीर घाटी में स्थानीय स्तर पर आतंकियों की भर्ती रोकने और स्थानीय भर्ती वाले आतंकियों से घाटी को मुक्त करने की दिशा में सुरक्षा बलों तथा जांच एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आतंकवाद के समर्थन में तैयार होने वाले नेटवर्क को समाप्त करने की जरूरत भी रेखांकित की।

विदेश में छिपे भगोड़ों को भी नहीं मिलेगी राहत

अमित शाह ने दो टूक कहा कि कोई भी भगोड़ा दुनिया के किसी भी कोने में जाकर छिप जाए, उसे वापस लाकर कानून के सामने खड़ा किया जाएगा। एजेंसियों को भगोड़ों की तलाश, प्रत्यर्पण और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

संगठित अपराध और आतंकवाद के गठजोड़ पर नजर

सम्मेलन में संगठित अपराध और आतंकवाद के गठजोड़, कट्टरपंथ, आतंकवाद के वित्तपोषण तथा आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अंजाम दिए जा रहे आतंकी अपराधों की जांच और अभियोजन को मजबूत बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। सम्मेलन का समापन केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल तथा खुफिया सूचनाओं पर आधारित कार्रवाई की नई प्रतिबद्धता के साथ हुआ। साफ संदेश है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अब केवल चेहरों पर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क पर वार होगा।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here