मुजफ्फरनगर: शनिवार को तहसील जानसठ के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कागजी कार्रवाई नहीं, गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, चकबंदी, श्रम विभाग, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतें सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी स्वयं शिकायतों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
एक सप्ताह में निस्तारण, IGRS शिकायतों पर भी सख्ती
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाए। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो तथा कोई भी शिकायत डिफॉल्टर की श्रेणी में न जाने पाए। शेष शिकायतों के संबंध में अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने और कार्रवाई के दौरान मौके की फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनगणना-2027 के लिए स्वगणना अभियान पर जोर
इस अवसर पर CDO अमित कुमार ने जनगणना-2027 के तहत चल रही स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना करने और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वगणना अभियान में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम जानसठ रश्मि लांबा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार मोनिका चौहान, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Reported By: Rohit












