रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद, अधिकारियों ने सुनीं यात्रियों की समस्याएं

0
5

आगरा: रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए गुरुवार को आगरा मंडल के 16 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे उठे। अधिकारियों ने शिकायतों पर संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

विशेष अभियान 6.0 के तहत जन संवाद, रेल सेवाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में आगरा कैंट स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने यात्रियों से बातचीत की। यात्रियों ने अपनी यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों और सुविधाओं में सुधार के सुझाव साझा किए। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की ओर से उठाई गई अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझकर रेल सेवाओं में आवश्यक सुधार करना रहा।

यात्रियों से भरवाए गए फीडबैक फॉर्म, नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का दिया

संवाद के दौरान यात्रियों से फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए। इनके माध्यम से प्राप्त सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना तैयार की जाएगी। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति यात्रियों को जागरूक करने के लिए आगरा कैंट स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर राहुल शुक्ला, स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मथुरा जंक्शन और ईदगाह स्टेशन पर भी संवाद, अधिकारियों ने जानी यात्रियों की परेशानियां

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्टेशन निदेशक सुनील कुमार शर्मा ने यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने यात्रियों की शिकायतों, सुझावों और यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली। यात्रियों से फीडबैक फॉर्म भरवाकर उनकी प्रतिक्रियाएं एकत्र की गईं। वहीं, ईदगाह स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) बीएस चौहान ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

मंडल के 16 स्टेशनों पर हुआ रेल जन संवाद, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं पर रहा जोर

रेल जन संवाद के तहत आगरा कैंट, ईदगाह, आगरा फोर्ट, आगरा सिटी, मथुरा जंक्शन, कोसीकलां, धौलपुर, राजा की मंडी, अछनेरा, मंडावर महवा रोड, गोवर्धन, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद, गोविंदगढ़ और होडल समेत मंडल के 16 नामित स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न स्टेशनों पर तैनात अधिकारियों ने यात्रियों से सुझाव लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। रेलवे प्रशासन का जोर यात्रियों की शिकायतों का समाधान करने के साथ ही स्वच्छता और सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार पर रहा।

 

Reported By: Prem Kaushik 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here