अहोई अष्टमी पर राधाकुंड में उमड़ेगा आस्था का सैलाब,डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
5

मथुरा: अहोई अष्टमी पर्व पर राधाकुंड में लगने वाले आस्था के सैलाब को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित विंगस्टन होटल में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक की तैयारियों पर मंथन किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

अहोई अष्टमी को लेकर डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

बैठक में डीएम और एसएसपी ने कहा कि अहोई अष्टमी पर राधाकुंड और गोवर्धन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कुंडों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कुंडों के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती और जल पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने और वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। पर्व के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

राधाकुंड और गोवर्धन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, गोताखोर और जल पुलिस रहेंगे तैनात

इसके अलावा परिक्रमा मार्ग, राधाकुंड क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, पुलिस बल के प्रभारी और विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। डीएम और एसएसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और धार्मिक अनुष्ठान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here