मथुरा: शहर के घनी आबादी वाले घीया मंडी बाजार में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला इमारत आग की लपटों से घिर गई। अबरार की टीवी रिपेयरिंग की दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते मकान के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। इमारत से उठता धुआं और आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
धूआं उठते ही आग ने विकराल रूप लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब नौ बजे अचानक इमारत से धुआं उठना शुरू हुआ। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामान के साथ मकान में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गया। बाजार में मौजूद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। इस दौरान आसपास के लोगों में भी अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रही।
दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया
सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने काफी देर तक पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और कड़ी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया। आग बुझने के बाद इमारत में राहत एवं बचाव की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लाखों का नुकसान, कोई जनहानि नहीं
हादसे में दुकान और मकान में रखा सामान जलकर नष्ट होने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि आग काफी भीषण थी, लेकिन समय रहते दमकल विभाग ने उस पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
Reported By: Prem Kaushik












