अग्निवीर अब कर सकेंगे शादी, सरकार ने 2 साल का सेवा विस्तार लेने वालों के लिए बदले नियम

0
2

नई दिल्ली: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीर शादी भी कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें पहले अपनी ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। अभी तक सेवा के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बदलाव को ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं के लिए शुरुआत से ही अविवाहित होना जरूरी था। चार साल की सेवा के दौरान भी उन्हें शादी करने की इजाजत नहीं थी। लेकिन अब दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल चुनने वाले अग्निवीरों के लिए इस नियम में बदलाव किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सेवा विस्तार पाने वाले जवानों को करीब एक महीने की ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। इसके बाद वे शादी कर सकेंगे। यानी ट्रेनिंग पूरी होने से पहले विवाह की अनुमति नहीं होगी।

पहले बैच के अग्निवीरों को मिला सेवा विस्तार का विकल्प

अग्निवीरों के पहले बैच ने चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। सबसे पहले नौसेना में इस योजना के तहत भर्ती हुई थी। मेरिट के आधार पर 25 फीसदी जवानों को स्थायी सेवा में शामिल किया गया, जबकि बाकी को दो साल के सेवा विस्तार का विकल्प दिया गया। अब जल्द ही थलसेना और वायुसेना के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। इन दोनों सेनाओं के अग्निवीरों को भी इसी तरह सेवा विस्तार का मौका मिल सकता है।

छुट्टी के नियमों में भी हो सकता है बदलाव

अग्निवीरों के लिए छुट्टियों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। मौजूदा व्यवस्था में उन्हें सालभर में 30 दिन की छुट्टी मिलती है। लेकिन दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल में यह संख्या बढ़ाकर 90 दिन तक की जा सकती है। इससे जवानों को परिवार के साथ समय बिताने और अपनी जिम्मेदारियां निभाने का अधिक मौका मिलेगा। सेना इस दौरान अनुशासन और काम की जरूरतों का भी ध्यान रखेगी। दरअसल, 4 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए दो साल के सेवा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, छह साल की सेवा पूरी करने के बाद 75 फीसदी तक अग्निवीरों को स्थायी करने का विकल्प भी इस व्यवस्था में शामिल हो सकता है। इन बदलावों पर सरकार की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

इस बीच भारतीय वायुसेना और दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने अग्निवीरों के लिए योग शिक्षा और प्रमाणपत्र से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने के लिए समझौता किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में वायुसेना मुख्यालय में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य अग्निवीरों को योग की व्यवस्थित शिक्षा और प्रमाणन की सुविधा देना है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here