अमेरिका में हवाई यात्रा की परेशानी रविवार को भी जारी रही। शुक्रवार को देशभर में लगाए गए ग्राउंड स्टॉप के बाद हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। रविवार को 10 हजार से अधिक उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं। हालांकि, परिवहन सचिव शॉन डफी ने उम्मीद जताई है कि सोमवार तक विमान सेवाएं सामान्य हो सकती हैं।
विमानन डेटा ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, रविवार को अमेरिका में करीब 2,300 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि लगभग 7,700 फ्लाइट्स में देरी दर्ज की गई। शनिवार को भी हालात ऐसे ही रहे थे। उस दिन 6,400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और 8 हजार से अधिक उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। एक कार्यक्रम में डफी ने साइबर हमले की आशंका को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सोमवार तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। डफी ने यात्रियों की सुरक्षा को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की प्राथमिकता बताया।
जेटब्लू की सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द
रविवार को जेटब्लू सबसे ज्यादा प्रभावित एयरलाइंस में रही। कंपनी की करीब 28 फीसदी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अमेरिकन एयरलाइंस की 17 फीसदी फ्लाइट्स रद्द हुईं। वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस, साउथवेस्ट और डेल्टा की 3 से 5 फीसदी उड़ानें रद्द हुईं। उड़ानों में रद्दीकरण और देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट के लिए देश के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था करीब 50 साल पुरानी है और इसे जल्द अपग्रेड करना जरूरी है। सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि कांग्रेस अगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए जरूरी फंड मंजूर कर दे, तो नया सिस्टम तेजी और कुशलता से तैयार किया जा सकता है। उन्होंने इसे दुनिया का सबसे बेहतरीन सिस्टम बनाने की बात कही।
राउटर में खराबी से ठप हुआ था संचालन
शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने तकनीकी गड़बड़ी के कारण देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप का आदेश दिया था। इसके चलते करीब पांच घंटे तक लगभग सभी उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। 9/11 के बाद यह हवाई यातायात ठप होने की सबसे लंबी घटनाओं में से एक थी। परिवहन सचिव डफी ने शुक्रवार को बताया था कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का हार्डवेयर काफी पुराना है और इसी में खराबी आई थी। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए सिस्टम के लिए पूरा फंड देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यह साइबर हमला नहीं था।











