नई दिल्ली: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर गोलीबारी में भारतीय मूल के दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसे अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पहले से निशाना बनाकर किया गया हमला बताया है। शुरुआती जांच में इसका संबंध संगठित अपराध से होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 23 साल के गगनप्रीत उर्फ गैरी रेहल और 24 साल की सुखजीत कौर के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी डेल्टा टाउनशिप में रहते थे। गोली लगने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
15 नवंबर की रात हुई वारदात
यह गोलीबारी 15 नवंबर की रात सरे में हुई थी। मामले की जांच कर रही एकीकृत हत्या जांच टीम (IHIT) ने दोनों मृतकों के नाम सार्वजनिक किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गगनप्रीत का नाम पहले भी हथियारों से जुड़े मामलों में सामने आ चुका था। वहीं सुखजीत के कनाडा में बहुत कम लोगों से संपर्क होने की बात सामने आई है। जांच टीम का मानना है कि दोनों को सोच-समझकर निशाना बनाया गया।
पुलिस ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि शुरुआती जांच में वारदात का संगठित अपराध से जुड़ाव दिख रहा है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इन दोनों को ही क्यों निशाना बनाया।
वारदात के पास मिली जली हुई कार
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी वाली जगह के पास रात करीब 10 बजकर 51 मिनट पर एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। जांच अधिकारियों को शक है कि इस कार का सीधा संबंध गोलीबारी से है। माना जा रहा है कि हमलावरों ने इसी गाड़ी का इस्तेमाल किया होगा। आग लगने के बाद कार पूरी तरह जल गई थी। पुलिस इस वाहन को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि कार से जुड़े सुरागों से हमलावरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने क्या कहा?
एकीकृत हत्या जांच टीम की अधिकारी सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा कि इस गोलीबारी में दो लोगों की जान गई है और इससे उनके परिवारों को गहरा दुख पहुंचा है। पुलिस ने घटना को टारगेटेड शूटिंग माना है और संगठित अपराध से इसके संभावित संबंध की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और मृतकों को निशाना बनाने का कारण अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, घटनाक्रम और जली हुई कार से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह सामने आए।












