भारत से भागे ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, अब वापस लाना क्यों होगा मुश्किल?

0
13

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी ने अपनी नागरिकता को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अब वह ब्रिटिश नागरिक बन चुके हैं। मोदी ने इसे सम्मान के साथ एक अहम जिम्मेदारी बताया और कहा कि वह इस नए दर्जे को गर्व और कृतज्ञता के साथ स्वीकार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ललित मोदी ने शनिवार को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें 15 सितंबर को ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। इस मौके पर उन्होंने ब्रिटेन के साथ अपने लंबे जुड़ाव का भी जिक्र किया।

सोशल मीडिया पर साझा संदेश में मोदी ने ब्रिटिश नागरिक बनने को सम्मान और जिम्मेदारी की बात बताया। उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और ऑक्सफोर्ड यूनियन का भी शुक्रिया अदा किया।

भारत छोड़ने के बाद वनातु की नागरिकता ली थी

IPL से जुड़े विवादों के बीच ललित मोदी करीब 16 साल पहले भारत छोड़कर विदेश चले गए थे। बाद में उन्होंने भारतीय पासपोर्ट सरेंडर कर प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश वनातु की नागरिकता हासिल की। करीब तीन लाख की आबादी वाले इस देश को टैक्स संबंधी सुविधाओं के लिए जाना जाता है। अब ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनकी भारत वापसी को लेकर चर्चा फिर तेज हो सकती है। IPL शुरू करने में अहम भूमिका निभाने वाले मोदी पर बाद में वित्तीय गड़बड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन जैसे आरोप लगे। इन विवादों के बाद वह भारत से बाहर चले गए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2013 में उन्हें आजीवन प्रतिबंधित कर दिया था।

कानूनी मामले में मिली थी राहत

इस साल की शुरुआत में ललित मोदी को एक कानूनी मामले में राहत मिली थी। स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट के तहत बने अपीलीय न्यायाधिकरण ने प्रवर्तन निदेशालय के ज्यादातर निष्कर्षों और दंडों को खारिज कर दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यायाधिकरण ने माना कि इस मामले में मोदी की जिम्मेदारी तय करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। हालांकि, फैसले के बाद भी उन्होंने भारत लौटने का ऐलान नहीं किया। पिछले कुछ समय से वह पॉडकास्ट और सार्वजनिक बातचीत में नजर आ रहे हैं। ब्रिटिश नागरिकता की खबर के बाद उनके भारत लौटने को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं। इस घटनाक्रम पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here