नई दिल्ली: अमेरिका में हवाई यात्रियों की परेशानी जल्द खत्म होती नहीं दिख रही है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर रविवार को भी उड़ानों पर पड़ सकता है। शुक्रवार से शुरू हुई समस्या के कारण हजारों उड़ानें रद्द हुईं और कई विमानों को देरी से रवाना करना पड़ा। एयरलाइंस सेवाएं पटरी पर लाने में जुटी हैं। FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को कहा कि रविवार शाम तक हवाई सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद कम है। एजेंसी फिलहाल सिस्टम को स्थिर करने और तकनीकी गड़बड़ी दूर करने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। उनके मुताबिक, एविएशन सिस्टम स्थिर है और रविवार देर तक कामकाज काफी हद तक सुधर सकता है।फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम 6:45 बजे ईस्टर्न टाइम तक अमेरिका में 6,150 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और 7,300 से ज्यादा विमानों ने देरी से उड़ान भरी। शुक्रवार को स्थिति इससे भी खराब थी। उस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद्द हुईं और लगभग 7,500 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। शनिवार शाम तक रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानें भी रद्द हो चुकी थीं।
डेनवर एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा असर
शनिवार को डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी परेशानी हुई। फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, यहां कम से कम 430 उड़ानों में देरी हुई, जबकि 380 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। कई यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। उड़ानों का समय बिगड़ने से एयरलाइंस को विमानों, पायलटों और अन्य क्रू सदस्यों की ड्यूटी दोबारा तय करनी पड़ रही है।
पांच घंटे तक थमी थीं उड़ानें
शुक्रवार को FAA ने तकनीकी खराबी के चलते ग्राउंड स्टॉप का आदेश दिया था। इसके बाद करीब पांच घंटे तक लगभग सभी उड़ानें रोकनी पड़ीं। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह अमेरिका में हवाई यातायात ठप होने की सबसे लंबी घटनाओं में से एक बताई गई। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया था कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का हार्डवेयर पुराना है और इसी में खराबी आई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए सिस्टम के लिए पूरा बजट देने की मांग कर रहे हैं। डफी ने स्पष्ट किया कि इस घटना के पीछे साइबर हमला नहीं था।











