नेपाल आपदा में चीन के 100 से ज्यादा नागरिक लापता, रेस्क्यू के लिए जिनपिंग ने भेजी सेना

0
5
Flash Flood Nepal
Ai generated

नई दिल्ली: नेपाल और तिब्बत के सीमावर्ती इलाकों में लैंडस्लाइड और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. इस आपदा का असर चीन पर भी पड़ा है और करीब 100 चीनी नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है. चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि लापता लोगों में पर्यटक, तीर्थयात्री और अन्य नागरिक शामिल हैं. इस बीच चीन ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है.

बीजिंग में गुरुवार को हुई नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने बताया कि नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र में करीब 100 चीनी नागरिकों का अभी पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि चीन नेपाल के साथ लगातार संपर्क में है और खोज एवं बचाव अभियान में तालमेल किया जा रहा है. संबंधित चीनी दूतावासों को भी स्थिति की जानकारी दी जा रही है. हालांकि, लापता विदेशी नागरिकों की राष्ट्रीयता को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रवक्ता ने कहा कि आंकड़ों की सटीक पुष्टि अभी जारी है.

चीन ने उतारीं बचाव टीमें

चीन ने राहत और बचाव के लिए अपनी कई एजेंसियों को मैदान में उतार दिया है. पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के वेस्टर्न थिएटर कमांड, आर्म्ड पुलिस और दूसरी टीमों को प्रभावित इलाके में भेजा गया है. लैंडस्लाइड से नेपाल और चीन के बीच मुख्य सड़क संपर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई इमारतें मलबे में दब गईं, मल्टी-लेवल पार्किंग ढह गई और कई कारें व बसें पानी के तेज बहाव में बह गईं. सामने आए वीडियो में इमारतों की ओर तेजी से बढ़ती मिट्टी और पानी की धार दिखाई दी.

बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित

भूस्खलन और बाढ़ के कारण सड़कें और पोर्ट तक पहुंचने वाले रास्ते भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. नेपाल-चीन सीमा पर बने फ्रेंडशिप ब्रिज से कई घंटों तक संपर्क नहीं हो सका. इलाके में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित हुईं. चीन की टीमें बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं. सरकार की ओर से जनरेटर और जरूरी उपकरण भी भेजे गए हैं. खतरे को देखते हुए आसपास के कुछ गांवों को खाली करा लिया गया है. वहीं, ऊपरी इलाके में एक और झील की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद उसकी निगरानी बढ़ा दी गई है.

जिनपिंग ने दिए राहत के निर्देश

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार सुबह गिरोंग बॉर्डर पोर्ट पर हुए मडस्लाइड के बाद बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने लापता लोगों को जल्द खोजने और खतरे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी प्रभावित और लापता लोगों की संख्या की जल्द पुष्टि करने के साथ राहत और बचाव कार्य तेज करने को कहा. उप-प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा कर अभियान की समीक्षा की.

भारत के लिए राहत की खबर

इस बीच भारत के लिए राहत वाली जानकारी सामने आई है. नेपाली अधिकारियों ने बाढ़ के बाद लापता बताए जा रहे करीब 100 भारतीय पर्यटकों को खोज लिया है. इसके अलावा 25 चीनी कामगारों का भी पता लगा लिया गया है. इससे बचाव अभियान में कुछ राहत मिली है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here